LATEST NEWS

MARUDHARHIND NEWS

कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी ने किया अन्त्योदय संबल पखवाड़ा शिविर का निरीक्षण, योजनाओं की जमीनी हकीकत परख लाभार्थियों से लिया संवाद

कोटपूतली–बहरोड़(सीताराम गुप्ता)।

जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी ने मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय अन्त्योदय संबल पखवाड़ा के पहले दिन पावटा उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत मंढा और कारोली में आयोजित जनकल्याणकारी शिविरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स का अवलोकन कर सेवाओं की वस्तुस्थिति की जानकारी ली और मौके पर उपस्थित लाभार्थियों से सीधे संवाद करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर फीडबैक लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सभी अधिकारियों और कार्मिकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिविर में पहुंचने वाले प्रत्येक पात्र व्यक्ति को राज्य सरकार की मंशा अनुसार लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह पखवाड़ा मात्र औपचारिकता नहीं, बल्कि एक संवेदनशील प्रयास है, जिससे सरकार की योजनाएं उस अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, जो अभी तक मुख्यधारा से वंचित रहा है।

निरीक्षण के समय उन्होंने राजस्व विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए सीमाज्ञान, नामांतरण, पत्थरगढ़ी, रास्ते और कोर्ट से जुड़े नोटिसों की समयबद्ध तामील करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग द्वारा बीपीएल परिवारों से संबंधित सत्यापन और सर्वे प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता के साथ शीघ्र पूरा करने को कहा। उन्होंने जलदाय विभाग को पेयजल टंकियों की सफाई, पाइप लाइनों की लीकेज मरम्मत और लंबित कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि फील्ड सर्वे कर झूलते हुए तारों और क्षतिग्रस्त पोल्स की शीघ्र मरम्मत कराई जाए। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से पात्र व्यक्तियों को आयुष्मान भारत कार्ड जारी करने की प्रगति जानी गई, वहीं समाज कल्याण विभाग को वृद्धावस्था, विधवा और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के शत-प्रतिशत सत्यापन को प्राथमिकता देने को कहा गया। उन्होंने पंचायत राज विभाग को स्वामित्व कार्डों के वितरण में गति लाने और गांवों में मौजूद जल संरचनाओं की मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

शिविर के दौरान कलेक्टर ने यह भी कहा कि सरकार की मंशा योजनाओं को कार्यालयों से निकालकर गांवों की चौपाल तक ले जाने की है, ताकि आमजन स्वयं लाभ के लिए शिविरों में पहुंचे और सरकारी मदद से सीधे जुड़ सके। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणजनों से अपील की कि वे ऐसे शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लें और पात्रतानुसार योजनाओं का लाभ प्राप्त करें। इस मौके पर उपखंड अधिकारी पावटा कपिल कुमार, तहसीलदार संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

इस पखवाड़ा के तहत आगामी 25 जून को बानसूर उपखंड में हाजीपुर, हमीरपुर और छीड़, नारायणपुर उपखंड में खरखड़ी कलां, बहरोड़ उपखंड में जखराना कलां और बूढ़वाल, कोटपुतली उपखंड में बनेठी, पावटा में तुलसीपुरा और पांचूडाला तथा विराटनगर में भाबरु, ढाणी गैसकान और केरली में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में 26 जून को बानसूर में किशोरपुरा, हरसौरा और माजरा अहीर, बहरोड़ में महाराजावास और खोहर, कोटपुतली में बखराना और चिमनपुरा, पावटा में चौबाला और राजनौता तथा विराटनगर में जयसिंहपूरा और छींतोली में शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में सभी संबंधित विभागों की उपस्थिति में योजनाओं का प्रचार-प्रसार और पात्र लाभार्थियों को सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

शिविर का निरीक्षण करती जिला कलेक्टर कोटपूतली बहरोड प्रियंका गोस्वामी