कोटपुतली, 19 जुलाई।



कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का शनिवार को कोटपुतली पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। वे सीकर से अलवर किसान सम्मेलन में जा रहे थे, इस दौरान कोटपुतली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह उनका जोशीले अंदाज़ में अभिनंदन किया।
पूर्व चेयरमैन प्रकाश चंद सैनी के नेतृत्व में डाबला रोड पर हजारों कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर, नारे लगाकर और जयकारों के साथ डोटासरा का स्वागत किया। इसके साथ ही कृषि उपज मंडी, बानसूर रोड और नेशनल हाईवे पर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका अभिनंदन किया।
डोटासरा ने मीडिया से बात करते हुए भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया और कहा:
“भाजपा अब डायलॉगबाजों की पार्टी बन चुकी है। मंचों से बातें करना आसान है, लेकिन ज़मीनी हकीकत में काम करने की नीयत नहीं है। डबल इंजन की सरकार केवल प्रचार में व्यस्त है, जबकि जनता की समस्याएं जस की तस हैं।”
उन्होंने जोर देते हुए कहा:
“जनता कांग्रेस के 5 साल और भाजपा के डेढ़ साल के कार्यकाल की तुलना कर चुकी है। कांग्रेस सरकार ने महंगाई, किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए ज़मीनी योजनाएं दीं, जबकि भाजपा सरकार केवल कागजों में विकास दिखा रही है।”
डोटासरा ने संविधान की सुरक्षा पर भी बात करते हुए कहा कि भाजपा का एजेंडा संविधान को कमजोर करना है, लेकिन कांग्रेस हर कीमत पर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता जगदीश मीणा, पूर्व अध्यक्ष कांता सैनी, पूर्व अध्यक्ष प्रकाश सैनी, रामनिवास यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
REPORT-SEETARAM GUPTA