
मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना। कोटपूतली-बहरोड, 28 नवंबर – भारत सरकार द्वारा 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2025 तक चलाए जा रहे अन क्लेम फाइनेंशियल एसेट्स व जमाओं के निस्तारण एवं जागरूकता अभियान के तहत् 6वें चरण का जिला स्तरीय कार्यक्रम शुक्रवार को राजधानी टूरिस्ट मोटल कोटपूतली में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।

2472 लाभार्थियों को मिला 6.78 करोड़ रुपये का भुगतान
एलडीएम मोहन लाल मीणा ने बताया कि जिले के सभी बैंकों में लंबित 117532 खातों एवं लगभग 25.23 करोड़ रुपये की अन-क्लेम राशि में से आज आयोजित समारोह में 2472 लाभार्थियों को कुल 6.78 करोड़ रुपये के भुगतान के प्रमाण पत्र अतिथियों द्वारा वितरित किए गए।
विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में भारतीय रिजर्व बैंक, जयपुर से वीरेन्द्र चारण, एल.एल.बी.सी. प्रतिनिधि एवं बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय प्रबंधक बी.एल. मीना (उप महाप्रबंधक), पंजाब नेशनल बैंक के उप मंडल प्रमुख नरेश गढ़वाल, भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक अजित खरविंदा, राजस्थान ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक मोहन लाल कुलदीप मौजूद रहे।

अन-क्लेम खातों से राशि प्राप्त करने की प्रक्रिया
भारतीय रिजर्व बैंक के प्रतिनिधि ने अन-क्लेम खातों से राशि प्राप्त करने की संपूर्ण प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और आरबीआई द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाओं के बारे में सरल भाषा में विस्तृत जानकारी दी। सभी बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधकों ने उपस्थित नागरिकों से अपील की कि वे वंचित लाभार्थियों की पहचान में बैंकर्स की मदद करें ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को उसका अधिकार वापस दिलाने में देरी न हो।

उन्होंने बताया कि इसमें SBI -169, UBI -186, BOB-196 PNB-427, YES Bank -128, RGB-350, LIC- 449, UCO BANK -533, BOI- 10 HDFC -5,CBI- 12, YES BANK- 4 एवं इंडियन बैंक-3 को मिलाकर कुल 2472 प्रमाण पत्र वितरित किए गए एवं मौके पर मौजूद व्यक्तियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र दिए गए।

कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक की 95 वर्षीय सुपर सीनियर सिटीजन श्रीमती शान्ति देवी को रुपये 263926/- का भुगतान प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।






