LATEST NEWS

MARUDHARHIND NEWS

जैविक खेती को समर्पित बुजुर्ग किसान ताराचंद यादव ने लगाए 51 पौधे, दिया पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायक संदेश

मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना उपखंड क्षेत्र के विजयसिंहपुरा गांव निवासी वरिष्ठ जैविक किसान ताराचंद यादव ने एक बार फिर समाज को पर्यावरण और प्रकृति के प्रति जागरूक करने का प्रेरणादायक कार्य किया है। उन्होंने अपने पैतृक गांव में रोड किनारे स्थित प्लॉट और रास्ते के किनारों पर 51 पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


सरकार द्वारा जैविक खाद उत्पादक के रूप में सम्मानित हो चुके ताराचंद यादव लंबे समय से जैविक खेती और रासायन मुक्त खेती को प्रोत्साहित कर रहे हैं। उन्होंने न केवल अपने खेतों में जैविक खाद का उपयोग कर इसकी गुणवत्ता को साबित किया है, बल्कि अन्य किसानों को भी इसका लाभ पहुंचाने के लिए जैविक खाद का उत्पादन कर निशुल्क या रियायती दरों पर उपलब्ध कराया है।


ताराचंद यादव का मानना है कि रासायनिक खादों से जहां भूमि की उर्वरता कमजोर होती है, वहीं मानव स्वास्थ्य पर भी इसके दुष्प्रभाव पड़ते हैं। वे वर्षों से जैविक खेती को बढ़ावा देने में जुटे हैं और अब पौधारोपण कर प्रकृति के साथ सामंजस्य की मिसाल भी पेश कर रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों और किसानों ने उनके इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि ताराचंद यादव न सिर्फ एक कुशल किसान हैं, बल्कि समाज को जागरूक करने वाले सच्चे पर्यावरण प्रहरी भी हैं। उनका यह योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। इस अवसर पर बुजुर्ग किसान ताराचंद यादव,बजरंगी यादव,सुनील यादव, रमेश चंद मौजूद रहे।