नीमराणा में जय गेस्ट हाउस में आग: एक की मौत, पांच घायल, सिपाही की बहादुरी से बची कई जानें

मरुधर हिंद न्यूज  (रमेशचंद) नीमराणा। दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे 48 पर मोहलडीया गांव के पास स्थित जय गेस्ट हाउस में देर रात आग लग गई, जिसमें उत्तर प्रदेश निवासी युवक पिंटू की मौत हो गई और पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक युवक जगदीश की हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर रेफर किया गया।

नीमराणा पुलिस और दमकल टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग के कारण गीजर ब्लास्ट बताया गया है, जबकि डीएसपी चारुल गुप्ता ने शॉर्ट सर्किट की संभावना भी जताई। फॉरेंसिक टीम (एफएसएल) ने घटना की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।

इस घटना में सिपाही सतनाम की बहादुरी ने कई लोगों की जान बचाई। घटना के समय गश्त पर तैनात सिपाही सतनाम ने धुएं से भरे कमरे में फंसे पांच लोगों को मुंह पर कपड़ा बांधकर सुरक्षित बाहर निकाला। उनकी बहादुरी से कई लोगों की जान बची, लेकिन पिंटू को नहीं बचाया जा सका।

थाना अधिकारी ने बताया कि आग लगने के बाद गेस्ट हाउस प्रबंधन मौके से फरार हो गया है और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। पुलिस ने बताया कि मृतक पिंटू उत्तर प्रदेश का निवासी था और गेस्ट हाउस में रह रहा था। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।