मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराना थाना क्षेत्र के रोडवाल गांव में गुरुवार रात 9 बजे तेज रफ्तार बोलेरो से फायरिंग की घटना सामने आई, जिससे गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने बताया कि बोलेरो सवार कुछ युवकों ने तेज गति से गाड़ी चलाने पर मना करने पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।

डीएसपी चारुल गुप्ता ने बताया कि गुरुवार की रात 9 बजे रोडवाल गांव में फायरिंग की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ युवकों ने फायरिंग की, लेकिन जांच से पहले कुछ भी कहना संभव नहीं है।

ग्रामीणों की ओर से थाने में दी गई शिकायत में बताया गया कि अंकित निवासी रोडवाल गांव की गलियों में तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी चला रहा था। जब गांव वालों ने उसे टोका तो वह मौके से निकल गया। इसके बाद गुरुवार रात 9 बजे अंकित अपने साथी सोनू निवासी महेंद्रगढ़ और अन्य चार से पांच लोगों के साथ बोलेरो गाड़ी से गांव के बनिया का मोहल्ला पहुंचे और तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते हुए लोगों को कुचलने की कोशिश की। इस दौरान गाड़ी से निकले कुछ युवकों ने फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।
ग्रामीण सुबेसिंह ने बताया कि रात करीब 9 बजे बोलेरो में सवार युवक हल्ला-गुल्ला करते हुए पहुंचे और कुछ ही देर बाद कई राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।





