नीमराना में MSME उद्यमियों के लिए पांच दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराना, राजस्थान – सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र को वित्तीय रूप से सशक्त एवं प्रतिस्पर्धी बनाने के उद्देश्य से नीमराना में पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत एमएसएमई के वित्तीय प्रबंधन विषय पर आयोजित किया जा रहा है। लघु उद्योग भारती के नीमराना इकाई अध्यक्ष शशांक भारद्वाज, सचिव सुनील कुमार जुनेजा और एनआईआईटी यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम कोऑर्डिनेटर गुरिंदर नाथ भारद्वाज ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन एमएसएमई विकास संस्थान, जयपुर एवं एनआईआईटी यूनिवर्सिटी नीमराना और लघु उद्योग भारती इकाई नीमराना के संयुक्त तत्वावधान में किया गया है।

शिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ शनिवार, 15 दिसंबर 2025 को एनआईआईटी यूनिवर्सिटी परिसर में हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 19 दिसंबर तक चलेगा। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में एमएसएमई विकास संस्थान के अधिकारियों एवं एनआईआईटी यूनिवर्सिटी के प्रतिनिधियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस अवसर पर बताया गया कि प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को वित्तीय प्रबंधन, लागत नियंत्रण, लेखा-जोखा, विपणन रणनीति, व्यवसाय योजना, सरकारी योजनाओं की जानकारी सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर सैद्धांतिक व व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इस पांच दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए 60 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 27 प्रतिभागियों का चयन किया गया है। चयनित प्रतिभागी विभिन्न जगह से आए एमएसएमई उद्यमी एवं प्रबंधक हैं, जिन्हें विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य एमएसएमई उद्यमियों को वित्तीय रूप से मजबूत बनाकर उन्हें बाजार में प्रतिस्पर्धा के लिए सक्षम करना है। प्रशिक्षण के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान रैफल्स यूनिवर्सिटी डीन अलाबार स्कूल मैनेजमेंट के प्रोफेसर डॉ. संजीव कुमार एवं अन्य विशेषज्ञों के द्वारा प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विषयों से संबंधित जानकारी दी गई। कार्यक्रम के सफल आयोजन से क्षेत्र में उद्यमिता को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय व राष्ट्रीय स्तर पर एमएसएमई क्षेत्र को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। कार्यक्रम के दौरान यूनिवर्सिटी के हरेंद्र सिंह चौहान एवं विभिन्न विषय विशेषज्ञ मौजूद रहे।