जगह-जगह पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत, राधे– राधे और बाबा श्याम के जयघोष
कोटपूतली।





अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, जिला कोटपूतली-बहरोड़ एवं लॉयन्स क्लब कोटपूतली सिटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित नानी बाई का मायरा कार्यक्रम का भव्य कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। यह धार्मिक आयोजन 3 से 5 जनवरी 2026 तक जय विलास गार्डन में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन दोपहर 1.30 बजे से कथा वाचन होगा। कथा वाचन प्रसिद्ध कथावाचक ट्विंकल शर्मा कर रही हैं।
कार्यक्रम संयोजक अरविंद मित्तल ने बताया कि श्रीराम भवन से प्रारंभ हुई कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कथा स्थल जय विलास मैरिज गार्डन पहुंची। यात्रा में सैकड़ों महिलाएं सिर पर कलश धारण कर पारंपरिक वेशभूषा में भक्ति गीतों पर नृत्य करती हुई चल रही थीं। पूरे मार्ग में “री राधे–री राधे” के जयघोष और बाबा श्याम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कलश यात्रा के दौरान नगरवासियों द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया गया। घरों, दुकानों और चौराहों से की गई पुष्प वर्षा ने यात्रा को दिव्य और आकर्षक स्वरूप प्रदान किया। यात्रा का प्रमुख आकर्षण बाबा श्याम की सुसज्जित झांकी रही, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
कथावाचक ट्विंकल शर्मा रथ में सवार होकर कलश यात्रा में सम्मिलित रहीं। रथ यात्रा में हजारों श्रद्धालु भक्त शामिल हुए, जिससे पूरा नगर भक्ति और उल्लास के रंग में रंग गया।
कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव रामस्वरूप कसाना, मनोज दीवान, कमल गुप्ता, रजत जिंदल, प्रदीप अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक अरविंद मित्तल, शशि मित्तल,बबल शर्मा, रमेश जिंदल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। नानी बाई का मायरा कथा के माध्यम से भक्ति, सेवा और सामाजिक समरसता का संदेश दिया जा रहा है।
REPORT-SEETARAM GUPTA (KOTPUTLI)8955369178





