बाबा भगवानदास उच्च माध्यमिक विद्यालय में वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन

मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराना।  मुंडावर उपखंड के जाट बहरोड़ गांव स्थित बाबा भगवानदास उच्च माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को वार्षिक उत्सव एवं उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जागरूकता का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार विश्नोई रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय कुश्ती कोच राजकुमार यादव, जाट बहरोड़ सरपंच सुरेंद्र चौधरी (बिल्लू), जालावास सरपंच अजीत यादव, जसाई सरपंच वीरेंद्र भारद्वाज (वीरू पंडित), कारोड़ा के पूर्व सरपंच राजाराम, नीमराना थाना प्रभारी राजेश मीणा, एमएसडी स्कूल शाहजहांपुर के निदेशक मनराज चौधरी, जाट बहरोड़ भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष यादव तथा अंतरराष्ट्रीय राठ महोत्सव मंच नीदरलैंड के निदेशक डॉ. रामनिवास तक्षक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’, शिक्षा के महत्व और भारतीय संस्कृति संरक्षण जैसे सामाजिक संदेशों पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया।

मुख्य अतिथि देवेंद्र कुमार विश्नोई ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देते हुए दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने की अपील की।

समारोह के दौरान विद्यालय के उत्कृष्ट परिणाम देने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। विद्यालय निदेशक अशोक चौधरी एवं स्टाफ ने अतिथियों का फूलमाला, साफा एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम का मंच संचालन अखिलेश जोशी और गजेंद्र सिंह ने प्रभावी ढंग से किया।