कोटपूतली-बहरोड़।

महानिरीक्षक पुलिस जयपुर रेंज जयपुर राहुल प्रकाश (IPS) और जिला पुलिस अधीक्षक कोटपूतली-बहरोड़ देवेंद्र कुमार बिश्नोई (IPS) के निर्देशन में संगठित अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना हरसौरा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संगठित अपराधों की रोकथाम हेतु सभी थानाधिकारीगण को प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में 14 अक्टूबर 2025 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोटपूतली वैभव शर्मा (RPS) के सुपरविजन और वृत्ताधिकारी वृत बानसूर दशरथ सिंह (RPS) के निर्देशन में उप निरीक्षक प्रकाश सिंह, थानाधिकारी हरसौरा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर एवं हार्डकोर अपराधी विक्रम उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, अवैध शराब तथा घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो गाड़ी बरामद की है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विक्रम उर्फ विक्की के खिलाफ पूर्व में हत्या, लूट, डकैती, मारपीट और अवैध हथियार रखने सहित कई गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। वह थाना हरसौरा का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और लंबे समय से फरार चल रहा था।
थाना हरसौरा पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आवश्यक अनुसंधान प्रारंभ कर दिया है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी प्रकाश सिंह के साथ साइबर सैल कोटपूतली के हैड कांस्टेबल संदीप कुमार, कांस्टेबल अंकित, कांस्टेबल राजेश कुमार, कांस्टेबल चेतन कुमार और कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार शामिल रहे।
जिला पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार बिश्नोई ने बताया कि कोटपूतली-बहरोड़ जिले में संगठित अपराधियों पर सख्त कार्रवाई प्राथमिकता में है। पुलिस की सतत कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करना और आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखना है।
Report-seetaram gupta (kotputli)





