चौबारा चेक पोस्ट के पास भीषण सड़क हादसा: कार चालक की इलाज के दौरान मौत

  मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमरीना। दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर शाहजहांपुर चौबारा चेक पोस्ट के समीप स्थित एक बियर कंपनी के पास मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। जयपुर से दिल्ली की ओर जा रही एक कार पहले किसी अज्ञात वाहन से टकराई, जिसके बाद अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गई और वहां दिल्ली से जयपुर की ओर आ रहे वाहन से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार चालक वाहन के अंदर ही फंस गया।

सूचना मिलते ही शाहजहांपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों व दुकानदारों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद चालक को कार से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के माध्यम से नीमराना स्थित सचखंड अस्पताल में भर्ती कराया गया।

शाहजहांपुर थाने के एएसआई ओमप्रकाश ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार की पहले किसी अज्ञात वाहन से टक्कर हुई थी, जिसके चलते वह दूसरी लेन में चली गई और वहां एक अन्य वाहन से भिड़ गई। घायल चालक की पहचान कृष्ण कुमार निवासी आसामपुर, कोटपूतली के रूप में हुई है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार इलाज के दौरान कृष्ण कुमार की मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। फिलहाल शाहजहांपुर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं ।