

कोटपूतली-बहरोड़।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह ने रविवार को कोटपूतली के आरटीएम होटल में आयोजित ‘संकल्प से सिद्धि’ विषयक प्रेस वार्ता में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की नीतियों, योजनाओं और कार्यशैली को जनता के सामने स्पष्ट करते हुए कहा कि यह एक ऐसी सरकार है, जिसने केवल शासन नहीं किया बल्कि हर वर्ग के जीवन में परिवर्तन लाने का कार्य किया है।
सांसद ने कहा कि बीते 11 वर्षों में भारत ने न केवल आंतरिक विकास की रफ्तार तेज की है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी सशक्त पहचान बनाई है। चाहे बात गरीबों को पक्के मकान देने की हो या महिलाओं को धुएं से मुक्त रसोई का अधिकार, मोदी सरकार ने हर योजना को धरातल पर उतारा है। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में ऐसी क्रांति हुई है कि अब देश का गरीब भी निजी अस्पतालों में इलाज करवा पा रहा है।
सिंचाई से लेकर शुद्ध पेयजल तक की सुविधा घर-घर पहुंचाई गई है। किसानों को सीधी आर्थिक सहायता दी गई, तो युवाओं को स्टार्टअप और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया। गांव से लेकर शहर तक डिजिटल भुगतान आम हो गया है और बैंकों में करोड़ों नए खाते खुले हैं, जिससे गरीब भी वित्तीय प्रणाली से जुड़ पाया।
उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी जैसे संकट के समय जब पूरी दुनिया ठहर गई थी, तब भारत ने न केवल अपने नागरिकों को सुरक्षित रखा बल्कि टीकाकरण और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं से यह साबित कर दिया कि सेवा और सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
राव राजेंद्र सिंह ने यह भी बताया कि जब दुनिया युद्ध और संकटों में उलझी थी, भारत ने ऑपरेशन गंगा और सूडान संकट के दौरान चलाए गए रेस्क्यू अभियानों से हज़ारों भारतीयों को सकुशल स्वदेश वापस लाकर विश्व को मानवीय नेतृत्व का उदाहरण दिया। विज्ञान के क्षेत्र में चंद्रयान-3 की सफलता और भारत की G-20 अध्यक्षता इस बात का प्रमाण है कि अब भारत विश्व मंच पर निर्णायक भूमिका में है।
उन्होंने यह स्पष्ट किया कि इन 11 वर्षों में सरकार ने केवल घोषणाएं नहीं कीं, बल्कि उन पर पूरी निष्ठा से कार्य कर परिणाम दिए हैं। यह कार्यकाल जनविश्वास, जनकल्याण और जनसशक्तिकरण का अद्वितीय उदाहरण है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकार, बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता व भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। संवाद के दौरान सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनचेतना और विश्वास स्पष्ट रूप से देखने को मिला।