जयपुर, 08 जनवरी 2026।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस नेताओं की हालिया बयानबाजी पर कड़ा पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस की राजनीति विभाजन, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार पर आधारित रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर घटना में राजनीति खोजती है और समाज को बांटने का काम करती है, जबकि भाजपा न्याय, सुशासन और विकास की राजनीति करती है

मदन राठौड़ ने स्पष्ट कहा कि कानून के सामने सभी समान हैं और दोषी चाहे किसी भी दल या समाज से हो, उसे सजा मिलनी चाहिए। अपना व्यक्ति गलत करे तो संरक्षण और दूसरा करे तो कार्रवाई—यह नीति न तो लोकतांत्रिक है और न ही नैतिक। उन्होंने कहा कि बंगाल सहित कई राज्यों में अपराध और हिंसा की घटनाओं पर कांग्रेस की चुप्पी उसकी दोहरी मानसिकता को उजागर करती है।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस और भ्रष्टाचार एक-दूसरे के पर्याय बन चुके हैं। 2जी स्पेक्ट्रम, बोफोर्स, चारा घोटाला सहित अनेक घोटाले कांग्रेस शासन की पहचान रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी भ्रष्टाचार पर ईमानदारी से रोक लगाने का प्रयास नहीं किया।
बजरी माफिया पर बोलते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इसकी पैदाइश भी कांग्रेस शासन की देन है, जहां न टेंडर प्रणाली थी और न ही पारदर्शिता, जिससे माफियाओं को खुली छूट मिली। इसके विपरीत भाजपा सरकार ने बजरी माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी और नियंत्रण की नीति अपनाई है।
पूर्ववर्ती गहलोत सरकार पर निशाना साधते हुए राठौड़ ने कहा कि उस दौर में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने शासनकाल के कामकाज पर नजर डालनी चाहिए। राठौड़ ने दो टूक कहा कि भाजपा में न तो अपराधियों को संरक्षण मिलता है और न ही भ्रष्टाचार को बर्दाश्त किया जाता है। भाजपा की राजनीति आदर्श, नैतिकता और जनविश्वास पर आधारित है।