

जयपुर, 16 दिसंबर।
जयपुर पुलिस आयुक्त श्री सचिन मित्तल ने मंगलवार को पुलिस कमिश्नरेट परिसर में स्वयं झाड़ू लगाकर अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ साफ-सफाई की और आमजन को स्वच्छता का संदेश दिया।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त श्री मित्तल ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय की भावना पैदा करना भी है। इसके साथ ही हमारे आसपास के वातावरण को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना भी हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता और स्वास्थ्य एक-दूसरे से जुड़े हैं। जहां स्वच्छता होती है, वहां स्वास्थ्य भी अच्छा रहता है। आमजन को स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए जयपुर को क्लीन सिटी बनाने में सहयोग करना चाहिए। साथ ही उन्होंने शहर को क्लीन सिटी, सेफ सिटी और सिक्योर सिटी बनाए रखने का आह्वान किया।
इस स्वच्छता अभियान में पुलिस कमिश्नरेट के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।





