LATEST NEWS

MARUDHARHIND NEWS

करौली पुलिस ने किया हत्या के प्रकरण का महज 48 घण्टों में खुलासा

*करौली पुलिस ने किया हत्या के प्रकरण का महज 48 घण्टों में खुलासा*
•  *आपसी रंजिश को लेकर की गई थी हत्या, दो बालकों को किया निरूद्ध*
•  *एक देशी पोना, एक जिन्दा कारतूस व खाली कारतूस बरामद, हत्या में प्रयुक्त मोटरसाईकिल की जब्त*

जयपुर 13 अप्रैल। करौली जिले में नेशनल हाईवे स्थित बीजलपुर गांव के पास एक ढाबे पर बैठे युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले का पुलिस ने मात्र 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। आपसी रंजिश को लेकर की गई थी इस हत्या में दो बालकों को निरूद्ध कर एक देशी पोना, एक जिन्दा कारतूस व खाली कारतूस सहित घटना में प्रयुक्त मोटरसाईकिल जप्त की गई है।
       
एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि घटना के संबंध में 10 अप्रैल को बीजलपुर गांव निवासी कैलाश चन्द मीना (65) द्वारा रिपोर्ट दी गई कि वह खेत मे अपने बेटे ज्ञान सिंह के साथ थ्रेसर से गेहूँ निकलवाने के बाद गेहूँ को बोरियों में भर रहे थे, तभी ज्ञान सिंह के मोबाइल पर किसी का कॉल आया। कुछ काम है, थोडी देर में आता हूँ कहकर वो चला गया।
     
उसका बेटा ज्ञानचंद गांव के बस स्टैंड के पास स्थित मुकेश के ढाबे पर गया था। जहां छान में अशोक, अक्षय, रामेश्वर, बृजमोहन, अमृतलाल भी बैठे हुये थे। तभी करीब 7-7.30 बजे  बाइक पर आए दो व्यक्तियों ने आते ही ज्ञानसिंह की कनपटी के बांयी तरफ गोली मारकर फरार हो गये। रिपोर्ट पर थाना कुडगांव पर प्रकरण दर्ज किया गया।
      
घटना स्थल का रेंज स्तरीय एफएसएल टीम व मोबाईल इन्वेस्टिंगेशन टीम करौली ने निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन किये गए। एसपी उपाध्याय ने मामले की गंभीरता को देखते हुये थाना कुडगांव, सपोटरा, मामचारी, डीएसटी करौली की टीमें गठित की गई। गठित टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर व साइबर सेल करौली की तकनीकी सहायता से महज 48 घण्टों में हत्या का खुलासा कर रविवार को विधि से संघर्षरत बालकों को निरूद्ध किया जाकर बाल सम्प्रेषण गृह करौली भेजा गया।
    
अन्य मुल्जिमों की संलिप्तता के बारे में भी अनुसंधान किया जा रहा है। दो गुटों में आपसी रंजिश को लेकर घटना के रोज बीजलपुर गांव में विधि से संघर्षरत बालकों ने ज्ञान सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
      
अवल के कुलसी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित की गई टीम में एसएचओ चंचल शर्मा, एसएचओ मामचारी अभिजीत, एसएचओ सपोटरा धारा सिंह, डीएसटी प्रभारी देवेश कुमार  मय जाब्ता एवं जिला सायबर सेल टीम शामिल थी।
                   —————–