LATEST NEWS

MARUDHARHIND NEWS

“कोटपूतली को मिली ऐतिहासिक न्यायिक सौगात: जिला न्यायालय की स्वीकृति पर खुशी की लहर, अधिवक्ताओं ने की आतिशबाजी और पुष्पवर्षा”

कोटपूतली, 3 जून।

कोटपूतलीवासियों के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवशाली दिन आया जब राजस्थान सरकार द्वारा कोटपूतली में जिला न्यायालय स्थापित करने की आधिकारिक स्वीकृति प्रदान की गई। जैसे ही यह समाचार सामने आया, पूरे क्षेत्र में हर्ष और उल्लास की लहर दौड़ गई। अधिवक्ताओं सहित आम नागरिकों में खुशी का माहौल सा बन गया।

इस ऐतिहासिक निर्णय का जश्न जिला बार संघ कोटपूतली द्वारा ज़ोरदार ढंग से मनाया गया। बार संघ अध्यक्ष एडवोकेट उदय सिंह तंवर के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने जोरदार आतिशबाजी की और एक-दूसरे पर पुष्पवर्षा कर अपनी प्रसन्नता प्रकट की। पूरे बार परिसर में मिठाइयों का वितरण हुआ और ‘जय कोटपूतली, जय न्याय’ के नारों से माहौल गूंज उठा।

अधिवक्ता उदय सिंह तंवर ने इस अवसर पर कहा, “यह कोटपूतली के अधिवक्ताओं, आम नागरिकों और व्यापारी वर्ग की एकजुटता और वर्षों की मेहनत का फल है। हमने कई दिनों तक धरने और आंदोलन के माध्यम से अपनी मांग को जीवित रखा, और आज उसका सुखद परिणाम हमारे सामने है।”

बार संघ ने कोटपूतली विधायक हंसराज पटेल, विराटनगर विधायक कुलदीप धनकड़ और बानसूर विधायक देवी सिंह शेखावत का विशेष आभार व्यक्त किया, जिनके निरंतर प्रयासों और समर्थन से यह सपना साकार हुआ। तीनों जनप्रतिनिधियों ने विधानसभा और सरकार के स्तर पर आवाज उठाकर क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को मजबूती दी।

गौरतलब है कि इससे पहले क्षेत्रवासियों को जयपुर या अन्य ज़िलों में न्यायिक कार्यों के लिए भटकना पड़ता था, लेकिन अब स्थानीय स्तर पर ही न्याय सुलभ होगा, जिससे जनता को बड़ी राहत मिलेगी।

कोटपूतली के इतिहास में यह निर्णय मील का पत्थर साबित होगा और न्यायिक सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ विकास की दिशा में भी एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

(संवाददाता कोटपूतली)