फौलादपुर बस स्टैंड पर बड़ा हादसा टला, ओवरलोड तूड़ी के ट्रोलों ने तोड़े हाई टेंशन पोल और ट्रांसफार्मर

मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना उपखंड क्षेत्र के फौलादपुर गांव बस स्टैंड पर रविवार देर शाम को बड़ा हादसा होने से टल गया, जब ओवरलोड तूड़ी से भरे दो ट्रोलों ने सड़क किनारे लगे हाई टेंशन बिजली पोलों को टक्कर मारकर तोड़ दिया, साथ ही विद्युत ट्रांसफार्मर भी नीचे गिर गया। गनीमत यह रही कि ट्रोलों में आग नहीं लगी, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था।

ग्रामीणों में आक्रोश

घटना के तुरंत बाद ग्रामीण परमजीत चौधरी, संदीप चौधरी सहित अन्य, लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने विद्युत लाइनमैन धर्मेंद्र को कई बार फोन कर लाइन कटवाने की कोशिश की, लेकिन फोन न उठाए जाने के कारण करीब 15 मिनट बाद ही बिजली सप्लाई बंद हो सकी।

लापरवाही से हुआ हादसा

ग्रामीणों ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब बावड़ी गांव की ओर से आ रहे ओवरलोड ट्रोले फौलादपुर बस स्टैंड पर शाहजहांपुर-बड़ोद रोड के मोड़ पर मुड़ रहे थे। तभी ट्रोलों में भरी तूड़ी हाई टेंशन लाइन से टकरा गई और तार टूटकर जमीन पर गिर गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए प्रदर्शन किया, उनका कहना है कि लाइनमैन की लापरवाही से बड़ा हादसा हो सकता था।