फौलादपुर में शहीद लांस नायक रामजीलाल यादव का शहादत दिवस मनाया गया

मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना उपखंड क्षेत्र के फौलादपुर गांव में मंगलवार को भारत-चीन 1962 युद्ध में बलिदान देने वाले गांव के प्रथम शहीद लांस नायक रामजीलाल यादव का शहादत दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। ग्रामीणों एवं परिजनों ने उनकी प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर दीप प्रज्वलित कर और माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

शहीद रामजीलाल यादव 1962 के भारत-चीन युद्ध में मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व में लड़ी गई ऐतिहासिक लड़ाई में वीरगति को प्राप्त हुए थे। इस युद्ध में राठ क्षेत्र के सैकड़ों जवानों ने देश की रक्षा में अदम्य साहस का परिचय देते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।

कार्यक्रम में शहीद के पुत्र अजीत यादव, वीरांगना इमरती देवी, फौलादपुर सरपंच कृष्णा यादव, पूर्व सरपंच सुंदरपाल यादव सहित ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने शहीद की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर उनकी अमर शहादत को नमन किया।

पूर्व ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शंकर लाल यादव ने शहीद रामजीलाल के जीवन परिचय और उनके वीरतापूर्ण योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। गांव में आयोजित इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम ने एक बार फिर शहीद के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को प्रबल किया।

इस अवसर पर वीरांगना इमरती देवी, सरपंच कृष्णा यादव, पूर्व सरपंच सुंदरपाल यादव, पूर्व कप्तान दुलाराम यादव, पूर्व ब्लाक शिक्षा अधिकारी शंकर लाल यादव, शहीद के पुत्र अजीत यादव, सुभाष फौजी, महेंद्र पंच, एडवोकेट सुनील यादव, ब्रह्मप्रकाश यादव, भीम सिंह यादव, सुशील यादव सहित काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे ¹।