मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना, शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के फौलादपुर गांव की सीमा में स्थित आशादीप हाउसिंग सोसायटी में बीती सोमवार–मंगलवार की रात्रि करीब 3:15 बजे चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय फ्लैट मालिक मनीष कौशल अपने पैतृक गांव गया हुआ था, जिसका फायदा उठाकर नकाबपोश बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से चोरी की।

पीड़ित मनीष कौशल, जो वर्तमान में फौलादपुर नीमराना क्षेत्र की ग्रीन आर्केड सोसायटी के फ्लैट नंबर डी-004 (लैवेंडर) में किराए पर रहते हैं और मूल रूप से कानपुर निवासी हैं, ने बताया कि सोमवार और मंगलवार की मध्य रात्रि करीब 3 बजे 3 नकाबपोश बदमाश सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था को भेदते हुए पीछे खेतों के रास्ते से सीढ़ी लगाकर फ्लैट तक पहुंचे। बदमाश अपने साथ फावड़े जैसे धारदार हथियार लिए हुए थे।
चोरों ने फ्लैट के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पूरे फ्लैट को खंगाल डाला। बदमाशों ने लॉकर भी तोड़ दिया और वहां रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर दो सोने की अंगूठियां (करीब 6 ग्राम, अनुमानित कीमत 90 हजार रुपये), बच्चों के चांदी के कड़े (करीब 30 ग्राम, लगभग 6 हजार रुपये), दो पुराने चांदी के सिक्के (करीब 4 हजार रुपये) और करीब 30 हजार रुपये नकद सहित कुल लगभग सवा लाख रुपये का सामान चुरा ले गए।
पीड़ित मनीष कौशल नीमराना की निजी कंपनी में कार्यरत है। घटना के समय फ्लैट में कोई मौजूद नहीं था, क्योंकि मनीष कौशल अपनी पत्नी के साथ अपने मूल निवास कानपुर के गुजैनी क्षेत्र गए हुए थे। मंगलवार सुबह पड़ोसियों से बातचीत के दौरान उन्हें चोरी की जानकारी मिली। फ्लैट में लगे सीसीटीवी कैमरों में चार से पांच नकाबपोश बदमाशों के आने, गेट का ताला तोड़ने और वारदात के बाद वापस जाते हुए फुटेज रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में बदमाश धारदार हथियारों के साथ नजर आ रहे हैं, जिससे यह साफ है कि यदि परिवार घर पर होता तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।

गौरतलब है कि आशादीप सोसायटी में 27 नवंबर की रात भी चोरी का प्रयास हुआ था, लेकिन फ्लैट मालिक के जाग जाने पर बदमाश मौके से फरार हो गए थे। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से सोसायटी के निवासियों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रबंधन के खिलाफ रोष व्याप्त है। लोगों ने सिक्योरिटी गार्ड की संख्या बढ़ाने और रात के समय नियमित गश्त की व्यवस्था करने की मांग की है। चोरी की सूचना मिलते ही शाहजहांपुर पुलिस मौके पर पहुंची। एसएफएल की मोबाइल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। वहीं नीमराना थाने के सीआई ने भी मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच करते हुए विभिन्न एंगल से मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी हुई है।







