पावटा नगर पालिका कार्यालय में शहरी सेवा शिविर, प्रभारी मंत्री विजय सिंह चौधरी और विधायक कुलदीप धनकड़ ने किया निरीक्षण

कोटपूतली-बहरोड़।

पावटा नगर पालिका कार्यालय परिसर में शहरी सेवा शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में बड़ी संख्या में आमजन पहुंचे और अपने विभिन्न विभागीय कार्यों से संबंधित प्रकरणों का समाधान करवाया। शिविर में नगर पालिका, विद्युत विभाग, जलदाय विभाग, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा सहित कई विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे और लोगों को योजनाओं की जानकारी दी।

शिविर का जिले के प्रभारी  मंत्री विजय सिंह चौधरी और विराटनगर विधायक कुलदीप धनकड़ ने निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में आकर अधिकारियों से आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि सरकार की मंशा है कि किसी भी व्यक्ति को अपने हक की सुविधा पाने के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि शिविरों के माध्यम से सब कुछ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाए।

विधायक कुलदीप धनकड़ ने कहा कि शहरी सेवा शिविर आमजन की भागीदारी और उनकी सुविधा के लिए एक सार्थक पहल है। उन्होंने अधिकारियों से अपील की कि वे शिविर में आने वाले हर व्यक्ति को संतोषजनक समाधान दें और योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पहुंचाएं।

शिविर में दिनभर वातावरण उत्साहपूर्ण रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने बिजली, पानी, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, श्रम विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य सेवाओं से जुड़ी शिकायतें दर्ज करवाई और मौके पर राहत पाई।

Report -seetaram gupta (kotputli)