नीमराना पुलिस ने शातिर अंतरराज्यीय ‘शटर-कटर’ गैंग के तीन सदस्यों को दबोचा, 50 से अधिक चोरियों का खुलासा

मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराना थाना पुलिस ने पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार विश्नोई (IPS) के निर्देशन में गठित विशेष टीम के माध्यम से एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह को दबोचने में सफलता हासिल की है। इस गिरोह के तीन मुख्य सदस्य, जिन्हें ‘शटर-कटर’ गैंग कहा जाता है, राजस्थान और हरियाणा में चोरी की 50 से अधिक वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर चुके हैं।

पुलिस की इस कार्रवाई में हरसोड़ा पुलिस का भी सराहनीय सहयोग रहा। मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों को चिह्नित किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश खींची और वृत्ताधिकारी सुश्री चारुल गुप्ता के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व वाली टीम ने 15 जनवरी को घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दस्तयाब किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निम्नलिखित है:

  1. विजयपाल (28) – निवासी गणडाला, थाना नीमराना।
  2. कपील राठौर (25) – निवासी गणडाला, थाना नीमराना।
  3. राजेश बावड़िया (24) – निवासी फतेहपुरा, थाना नीमराना।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि ये आरोपी आधी रात के बाद बिना नंबर की बाइक पर निकलते थे और शटर काटने के लिए विशेष प्रकार के कटर और औजार का इस्तेमाल करते थे। ये पलक झपकते ही दुकानों के ताले और शटर काट देते थे। इस गिरोह ने नीमराना, प्रागपुरा (राजस्थान) और बावल, खोल (हरियाणा) जैसे क्षेत्रों में 50 से अधिक दुकानों को निशाना बनाया है।

कार्रवाई की शुरुआत 13 जनवरी को मोहलडिया स्टैंड पर हुई चोरी की रिपोर्ट के बाद हुई। परिवादी सुरेंद्र ने शिकायत दर्ज कराई थी कि चोरों ने तीन दुकानों और एक ई-मित्र सेंटर के ताले तोड़कर नकदी और सामान साफ कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध बिना नंबर की बाइक पर नजर आए, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जाल बिछाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।