नीमराना पुलिस का नया अभियान: बाइक पर पीछे बैठने वालों के लिए भी हेलमेट अनिवार्य, चालान की कार्रवाई शुरू

मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराना – नए साल से नीमराना पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक नया अभियान शुरू किया है, जिसमें बाइक पर पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। हेलमेट नहीं होने की स्थिति में अब चालान कार्रवाई की जाएगी। इस नियम का पालन नहीं करने पर जुर्माना भरना पड़ेगा।

इस अभियान की शुरुआत नए साल पर बहरोड़ जिले के नीमराना में पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार ने की। उन्होंने नीमराना पुलिस थाने में एक बाइक चालक पुलिसकर्मी और उसके पीछे बैठे दूसरे पुलिसकर्मी को हेलमेट पहनाकर इस अभियान की औपचारिक शुरुआत की।

पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार ने बताया कि उनके कार्यभार संभालने से पहले कोटपूतली-बहरोड़ जिला दुर्घटनाओं में नंबर दो पर था, जिससे काफी पीड़ा हुई। इस पर सबसे पहले ‘लेन ड्राइव सिस्टम’ शुरू किया गया, जिससे हाइवे पर दुर्घटनाओं में कमी आई। हेलमेट नहीं पहनने वालों के खिलाफ कॉलेज और स्कूलों में भी अभियान चलाया गया, जहां बच्चों को हेलमेट की अहमियत और यातायात नियमों की जानकारी दी गई।

लोगों को जागरूक करने के बाद अब इसे धरातल पर लाने की पहल की जा रही है, जिसकी शुरुआत पुलिस विभाग से ही की गई है। अब जो सिपाही बाइक चलाएगा, वह तो हेलमेट पहनेगा ही, साथ ही पीछे बैठने वाला व्यक्ति भी हेलमेट पहनेगा। इसके तहत आज भामाशाहों और समाजसेवियों के सहयोग से हेलमेट वितरण का कार्य भी शुरू किया गया है।