
मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराना। शाहजहांपुर – दिल्ली जयपुर हाईवे पर बुधवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली-जयपुर रोड स्थित एनएच-48 शाहजहांपुर में बस स्टैंड पुलिया के पास बाइक सवार कंटेनर ट्रक के नीचे आ गए, लेकिन समय रहते राहत कार्य होने से दोनों युवक सुरक्षित बचा लिए गए।

शाहजहांपुर थाना प्रभारी प्रक्रिता सिंह ने बताया कि एक बस सड़क किनारे रुककर सवारियां उतार रही थी। इसी दौरान प्लेटिना मोटरसाइकिल चालक मनवीर सिंह (40) पुत्र वेदपाल सिंह, निवासी सिरसा घोघड़ा, थाना भिवानी, जिला भिवानी (हरियाणा) ने बस को ओवरटेक किया। तभी पीछे से आए एक कंटेनर ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार सड़क पर गिर गया और मोटरसाइकिल कंटेनर के नीचे चली गई।

हादसे के दौरान मोटरसाइकिल की पेट्रोल टंकी का ढक्कन खुल गया, जिससे पेट्रोल फैलने के कारण बाइक में आग लग गई। आग की लपटें कंटेनर के टायरों तक भी पहुंच गईं। घटना की सूचना मिलते ही नीमराना से दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और तत्परता से आग पर काबू पा लिया।

इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक मनवीर सिंह तथा उसके साथ मौजूद सोहिल पुत्र नागिन, निवासी मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। आग बुझाने में दमकलकर्मियों के साथ ग्रामीण मुकेश मीणा, विक्की मीणा, संदीप शर्मा उर्फ भींडर, अब्बू मीणा ने आग पर काबू पाने के लिए विशेष मदद की। बाद में हाइड्रा मशीन की सहायता से जले हुए कंटेनर को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू कराया गया।

हादसे के बाद नीमराना अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश खींची, नीमराना जापानी जोन औद्योगिक क्षेत्र चौकी इंचार्ज मनोहर लाल मीणा पहुंचकर हादसे की जानकारी ली गई।





