मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराना समाजसेवी एवं उद्यमी स्वर्गीय इंद्र कुमार गुर्जर की दूसरी पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को नीमराना मोड़ स्थित आईरिस इन होटल में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर एवं श्रद्धांजलि सभा ने समाजसेवा की एक सशक्त मिसाल पेश की। इस अवसर पर युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और शिविर के दौरान कुल 322 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

श्रद्धांजलि सभा में हजारों लोगों ने उपस्थित होकर दिवंगत इंद्र गुर्जर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने स्व. इंद्र कुमार गुर्जर के सामाजिक योगदान, सेवा भावना और जनकल्याण के कार्यों को स्मरण करते हुए उन्हें समाजसेवा का प्रेरणास्रोत बताया।

उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उपस्थित जनों ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम संयोजक शीशराम गुर्जर एवं सतीश गुर्जर ने बताया कि रक्तदान शिविर में सोनी देवी हॉस्पिटल ब्लड सेंटर नीमराना, राठ ब्लड बैंक बहरोड़ तथा आशीर्वाद एवं बंसल ब्लड बैंक कोटपूतली की चिकित्सीय टीमों द्वारा रक्त संग्रह किया गया।

बड़ी संख्या में युवाओं ने रक्तवीर बनकर मानव सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम में कोटपूतली-बहरोड़ कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंद्राज गुर्जर, खैरथल-तिजारा कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलराम यादव, कोटपूतली विधायक हंसराज पटेल, पूर्व विधायक रामश्वरूप कसाना, मुंडावर विधायक ललित यादव, समाजसेवी रविंद्र यादव (नीमराना), जालावास सरपंच अजीत यादव, जाट बहरोड़ सरपंच सुरेंद्र चौधरी, दीनबंधु, अमित धर्मपाल चौधरी, संजय यादव, आरसी यादव, इंद्र यादव, जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, जिला पार्षद जयप्रकाश झाबर, वेदप्रकाश खबरी, पूर्व डीएसपी परमाल गुर्जर, पंचायती राज कर्मचारी संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मूलचंद गुर्जर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

शिविर व्यवस्थापक योगेश, संजय, तिलक करहाणा एवं गौरव इंद्र गुर्जर ने सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी संगठनों, चिकित्सीय टीमों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।






