मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना, राजस्थान में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में बुधवार को समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत एसएमसी (स्कूल प्रबंधन समिति) एवं एसडीएमसी (स्कूल विकास एवं प्रबंधन समिति) मास्टर ट्रेनरों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का शुभारंभ मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कमलेश यादव की अध्यक्षता में हुआ।

इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रथम पुष्पा यादव एवं मास्टर ट्रेनर अनिल कुमार यादव ने उपस्थित प्रतिभागियों को विद्यालयों में एसएमसी और एसडीएमसी सदस्यों को दिए जाने वाले प्रशिक्षण के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान विद्यालय प्रबंधन, समुदाय की भागीदारी, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार तथा संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया गया।

इस मौके पर संदर्भ व्यक्ति मनोज कुमार यादव, महेशचंद यादव, प्रवेश वर्मा, जोगेंद्र यादव, कमल सिंह टेकाडिया, राजकुमार यादव, रतन सिंह यादव, धर्मेंद्र यादव, वीर सिंह यादव, छोटा बाई, सरला, पिंकी यादव सहित अनेक प्रतिभागी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय प्रबंधन समितियों को अधिक सशक्त, जागरूक और सहभागी बनाना रहा, जिससे शिक्षा व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा सके।





