प्रयास संस्था और थाना भट्टा बस्ती ने किया बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता रैली एवं समुदाय संवाद का आयोजन – सभी ने लिया संकल्प, साल भर में बनाएंगे बाल विवाह मुक्तरिपोर्ट


लोकेशन
जयपुर

‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के 27 नवंबर को एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर प्रयास संस्था ने स्कूलों, ग्रामीण समुदायों और अन्य संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम और पूरे जिले में जगह-जगह बाल विवाह के खिलाफ शपथ समारोह आयोजित किए। इसी क्रम में प्रयास संस्था और थाना भट्टा बस्ती ने साथ मिलकर भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र में मशाल जुलुस और जागरूकता रैली का आयोजन किया | कार्यक्रम में जनसमुदाय ने, खासकर महिलाओं ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया और बाल विवाह मुक्त भारत के संकल्प के लिए खूब नारे लगाये | भट्टा बस्ती थानाधिकारी श्री दीपक त्यागी ने जनसमुदाय को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों के बारे में भी जागरूक किया और उन्हें समझाया कि कानून के अनुसार बाल विवाह में किसी भी तरह से शामिल होने या सहायता करने वालों जिसमें शादी में आए मेहमान, कैटरर्स, टेंट वाले, बैंड वाले, सजावट वाले या बाल विवाह संपन्न कराने वाले पुरोहित, सभी को इस अपराध को बढ़ावा देने के जुर्म में सजा हो सकती है।
पूरे देश से बाल विवाह को उखाड़ फेंकने के उद्देश्य से भारत सरकार की 100 दिन की विशेष कार्ययोजना से प्रेरित गैरसरकारी संगठन प्रयास जेएसी सोसाइटी के वरिष्ठ प्रबंधक अजय शर्मा ने कहा कि संस्था जयपुर को साल भर के भीतर बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए सरकारी एजेंसियों के साथ कंधे से कंधा मिला कर काम करेगा। ‘100 दिवसीय गहन जागरूकता अभियान’ जिसे बाल विवाह मुक्त भारत के एक वर्ष पूरे होने के मौके पर पूरे देश में शुरू किया गया है, ने एक लक्षित रणनीति तय की है। इसमें स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों, उन धार्मिक स्थलों जहां विवाह संपन्न कराए जाते हैं, विवाह में सेवाएं देने वाले पेशेवर सेवा प्रदाताओं, और आखिर में पंचायतों व नगरपालिका वार्डों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि बच्चों के खिलाफ इस सदियों पुराने अपराध का अंत सुनिश्चित किया जा सके। प्रयास संस्था देश में बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए नागरिक समाज संगठनों के देश के सबसे बड़े नेटवर्क जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन का सहयोगी संगठन है।