गैलेक्सी इंटरनेशनल स्कूल में यातायात एवं बदलते परिवेश विषय पर प्रेरक सेमिनार आयोजित, स्काउट-गाइड बालक सम्मानित
कोटपूतली-बहरोड़।




गैलेक्सी इंटरनेशनल स्कूल गोवर्धनपुरा में यातायात एवं बदलते परिवेश विषय पर एक मोटिवेशनल सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार बिश्नोई रहे। सेमिनार का शुभारंभ मां शारदे की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। विद्यालय की बालिकाओं ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत किया। स्काउट टीम ने पुलिस अधीक्षक का तिलक कर गार्ड ऑफ ऑनर देते हुए स्वागत किया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक जी.एल. यादव एवं , प्रबंध निदेशक अमर सिंह यादव और प्रधानाचार्य अनिल रावत ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया।कार्यक्रम में व्यवस्थापक एवं एसएचएम कॉलेज के डायरेक्टर महिपाल यादव डॉ. केशव स्वामी,डॉ. प्रदीप यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि का उद्बोधन
एसपी देवेंद्र कुमार बिश्नोई ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “अनुशासन और जागरूकता से ही सुरक्षित भविष्य संभव है। यातायात अनुशासन केवल कानून पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन की सुरक्षा और जिम्मेदार नागरिक होने का प्रतीक है। बदलते परिवेश में नई-नई चुनौतियाँ सामने आ रही हैं, जिनका सामना हम तभी कर सकते हैं जब हम स्वयं अनुशासित हों और दूसरों को भी प्रेरित करें।”
उन्होंने कहा कि सड़क पर चलते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग केवल जुर्माने से बचने का साधन नहीं है, बल्कि जीवन बचाने की ढाल है। तेज रफ्तार, मोबाइल पर बातचीत करते हुए वाहन चलाना और नशे की हालत में ड्राइविंग करना अपनी ही नहीं, परिवार और समाज की खुशियों को भी खतरे में डालना है।
उन्होंने युवाओं को समझाते हुए कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है। यदि विद्यार्थी आज से ही नियमों का पालन करने की आदत डालेंगे तो समाज सुरक्षित, अनुशासित और प्रगतिशील बनेगा। उन्होंने कहा कि बदलते परिवेश में तकनीक का उपयोग सकारात्मक दिशा में करना चाहिए। इंटरनेट और सोशल मीडिया का प्रयोग ज्ञान व जागरूकता बढ़ाने में करें, न कि समय और ऊर्जा नष्ट करने में।
अंत में उन्होंने आह्वान किया कि विद्यार्थी स्वयं जागरूक बनें और परिवार व आसपास के लोगों को भी यातायात सुरक्षा व सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करें। यही सही मायनों में राष्ट्र निर्माण में युवाओं का योगदान होगा।
स्काउट-गाइड सम्मान समारोह
इस अवसर पर वर्ष 2024-25 में विद्यालय को स्काउट-गाइड क्षेत्र में प्राप्त सर्वश्रेष्ठ राज्य पुरस्कार के अंतर्गत 17 बालकों को गवर्नर राजस्थान द्वारा प्रदान किए गए प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार बिश्नोई ने वितरित किए। सम्मान पाकर विद्यार्थियों में उत्साह और गर्व का वातावरण दिखाई दिया।
कार्यक्रम की झलकियाँ
कार्यक्रम में विद्यालय के अभिभावकगण, बालक-बालिकाएँ और स्काउट-गाइड सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मंच संचालन विद्यालय की बालिकाओं ने किया और अंत में प्रधानाचार्य अनिल रावत ने सभी का आभार व्यक्त किया।
Report -seetaram gupta (kotputli)





