कोटपूतली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, निर्माणाधीन मकान से चोरी का खुलासा, नाबालिग बालक निरुद्ध, लाखों का माल बरामद

कोटपूतली-बहरोड़, 2 अगस्त।

खेडकी भीरभान क्षेत्र स्थित एक निर्माणाधीन मकान में चोरी की वारदात का कोटपूतली पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए एक विधि से संघर्षरत नाबालिग बालक को निरुद्ध कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लाखों रुपये का चोरी गया माल भी बरामद कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक देवेंद्र विश्नोई (IPS) ने सख्त निर्देश जारी किए थे, जिसके तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा (RPS) और वृताधिकारी राजेन्द्र कुमार बुरड़क (RPS) के सुपरविजन में थाना अधिकारी राजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने लगातार प्रयास करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया और तकनीकी सहायता एवं आसूचना संकलन के माध्यम से आरोपी तक पहुंच बनाई।

घटना 20 जुलाई की शाम की है, जब पीड़ित व्यक्ति ने देखा कि उसके निर्माणाधीन मकान का ताला टूटा हुआ था और घर के भीतर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच में सामने आया कि सोने की दो अंगूठी, पुरुषों की दो सोने की अंगूठी, दो चांदी की चेन, चांदी की पाजेब की जोड़ी, चांदी के कड़े, चांदी के सात सिक्के, एक पंखा, कूलर की मोटर, पानी और बिजली फिटिंग का सामान तथा लोहे के कॉलम की 150 रिंग सहित अन्य कई सामग्री चोरी हो गई थी।

गठित पुलिस टीम में थाना अधिकारी राजेश कुमार शर्मा, हेड कांस्टेबल धीलाराम, कांस्टेबल विरेंद्र कुमार व प्रदीप शामिल थे। टीम ने मेहनत और सूझबूझ से कार्य करते हुए आरोपी को चिन्हित कर कार्रवाई की। आरोपी बालक को निरुद्ध कर पूछताछ की जा रही है तथा उससे जुड़े अन्य मामलों की जांच भी की जा रही है।

पुलिस की इस त्वरित और सटीक कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर जनता का विश्वास मजबूत हुआ है और आमजन ने पुलिस टीम की सराहना की है।

REPORT-SEETARAM GUPTA

KOTPUTLI