मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराना। कोटपूतली-बहरोड़, 24 दिसंबर 2025। भारतीय रिज़र्व बैंक के मार्गदर्शन में आज कोटपूतली-बहरोड़ जिले में जिला स्तरीय मुद्रा प्रबंधन समिति (DLCMC) की बैठक एवं बैंकर्स के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय रिज़र्व बैंक के प्रतिनिधि विपिन कुमार एवं अग्रणी जिला प्रबंधक मोहन लाल मीना के प्रभावी समन्वय से संपन्न हुआ।

बैठक एवं प्रशिक्षण शिविर में जिले के सभी बैंकों के अधिकारियों एवं स्टाफ को बेहतर मुद्रा प्रबंधन, ATM एवं BNA में कैश डिलिंग, क्लीन नोट पॉलिसी, तथा नोट एक्सचेंज से संबंधित नियमों एवं विनियमों पर विस्तार से प्रशिक्षण प्रदान किया गया। आरबीआई प्रतिनिधि विपिन कुमार द्वारा स्पष्ट किया गया कि स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण मुद्रा का प्रचलन न केवल बैंकिंग प्रणाली की मजबूती बल्कि आम जनता के विश्वास से भी सीधे जुड़ा हुआ है।

प्रशिक्षण के दौरान बैंकर्स द्वारा छोटे मूल्य वर्ग के नए करेंसी नोट (₹10, ₹20, ₹50, ₹100) की बढ़ती मांग को प्रमुखता से उठाया गया। इस पर विचार व्यक्त किया गया कि छोटे नोटों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि एक ओर क्लीन नोट पॉलिसी को प्रभावी रूप से लागू किया जा सके और दूसरी ओर कम सप्लाई के कारण भारतीय मुद्रा की साख पर नकारात्मक प्रभाव न पड़े।

इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक मोहन लाल मीना ने सुझाव दिया कि कैश रिटेंशन लिमिट के अतिरिक्त प्रत्येक बैंक शाखा में नए करेंसी नोटों के लिए पृथक लिमिट निर्धारित कर उसकी नियमित मॉनिटरिंग अनिवार्य की जाए। उन्होंने कहा कि इससे बैंकर्स को कैश मैनेजमेंट में सुविधा मिलेगी तथा ग्राहकों को भी नए और छोटे मूल्य वर्ग के नोट आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे, जो ग्राहक सेवा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाएगा।
बैठक के अंत में सभी प्रतिभागी बैंकर्स ने आरबीआई के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में सुदृढ़, पारदर्शी और प्रभावी मुद्रा प्रबंधन व्यवस्था को लागू करने हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।





