मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराना कस्बे में पंजाब नेशनल बैंक कृषक प्रशिक्षण केंद्र की ओर जाने वाले सड़क मार्ग पर एक बार फिर गंदगी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। सड़क किनारे कचरे का ढेर और औद्योगिक इकाइयों व होटल-ढाबों से छोड़ा जा रहा गंदा पानी क्षेत्र में भयंकर बदबू का कारण बन रहा है, जिससे मार्ग से गुजरना मुश्किल हो गया है।

प्रतिदिन होती है परेशानी
इस सड़क मार्ग का उपयोग प्रतिदिन कृषक प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण लेने आने वाले किसान, कंप्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यार्थी तथा स्टाफ करते हैं। बदबू और गंदगी के कारण उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

निदेशक ने की शिकायत
पंजाब नेशनल बैंक कृषक प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक रंजीत कुमार यादव ने बताया कि पूर्व में भी इस मार्ग पर लोगों द्वारा अपशिष्ट पदार्थ डाला जा रहा था, जिसकी शिकायत के बाद रीको प्रशासन द्वारा सफाई करवाई गई थी। लेकिन कुछ समय बाद फिर से होटल-ढाबों और औद्योगिक इकाइयों द्वारा गंदा पानी सड़क किनारे छोड़ा जाने लगा है। इसके अलावा रीको के खाली प्लॉट में भी किसी औद्योगिक इकाई द्वारा गंदा पानी छोड़े जाने से हालात और बिगड़ गए हैं।

स्थायी समाधान की मांग
निदेशक यादव ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर एक बार फिर रीको प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड कार्यालय को अवगत करवाया जाएगा, ताकि स्थायी समाधान निकाला जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो यह समस्या आने वाले दिनों में और विकराल रूप ले सकती है। अब क्षेत्रवासियों को प्रशासन से जल्द कार्रवाई की उम्मीद है।






