शाहपुरा में सांसद खेल महोत्सव 2025 का समापन, युवाओं को मिला खेलों से आगे बढ़ने का संदेश

कोटपूतली विधायक हंसराज पटेल ने खिलाड़ियों का किया उत्साहवर्धन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो संदेश रहा आकर्षण

कोटपूतली।

शाहपुरा में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती ‘सुशासन दिवस’ के अवसर पर आयोजित “सांसद खेल महोत्सव 2025” का समापन समारोह गुरुवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कोटपूतली विधायक हंसराज पटेल ने सहभागिता करते हुए खिलाड़ियों को संबोधित किया और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
विधायक हंसराज पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इससे युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। ऐसे आयोजन युवाओं को नशे और नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रखकर उन्हें राष्ट्र निर्माण की सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहन दिया जाएगा।
समापन समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रेरणादायी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ, जिसने खिलाड़ियों और उपस्थित जनसमूह में विशेष उत्साह का संचार किया। विधायक हंसराज पटेल ने उभरते हुए खिलाड़ियों से आत्मीय संवाद कर उन्हें निरंतर अभ्यास और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेन्द्र सिंह, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं हरियाणा प्रभारी सतीश पूनिया, जमवारामगढ़ विधायक महेन्द्रपाल मीणा, बानसूर विधायक देवीसिंह शेखावत, विराटनगर विधायक कुलदीप धनकड, जयपुर उत्तर देहात जिलाध्यक्ष सुरेश बादलीवाल, जयपुर दक्षिण देहात जिलाध्यक्ष राजेश गुर्जर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

REPORT –SEETARAM GUPTA (KOTPUTLI)