मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराना – सतीश अस्पताल की ओर से रविवार को वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक भव्य जागरूकता सेमिनार एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक सहभागिता के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर नीमराना व आसपास के क्षेत्रों से आए 1000 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।

कार्यक्रम में नीमराना के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सुरेश खींची मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि वरिष्ठ सर्जन डॉ. मनीष शर्मा विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मास्टर वीरेंद्र मास्टर ने की। मुख्य अतिथि एएसपी सुरेश खींची ने अपने संबोधन में कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं, जिनके अनुभव और मार्गदर्शन से समाज सशक्त बनता है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान के लिए सदैव तत्पर है। साथ ही उन्होंने साइबर अपराध, धोखाधड़ी और व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण सावधानियों की जानकारी दी और किसी भी समस्या पर तुरंत पुलिस से संपर्क करने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ सर्जन डॉ. मनीष शर्मा ने स्वास्थ्य जागरूकता पर जोर देते हुए कहा कि बढ़ती उम्र में नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और सकारात्मक जीवनशैली अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने हृदय रोग, मधुमेह, जोड़ों की समस्याओं तथा नियमित व्यायाम के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मास्टर वीरेंद्र मास्टर ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करना हमारा सामाजिक दायित्व है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और पीढ़ियों के बीच संवाद को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित भी किया गया। सतीश अस्पताल की टीम द्वारा स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं जागरूकता सत्रों के माध्यम से उपस्थित नागरिकों को उपयोगी जानकारियां प्रदान की गईं। कार्यक्रम में बाबा शीतलनाथ महाराज, लोकेश खंडेलवाल, डॉ. कप्तान यादव, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्ञानचंद, डॉ. सतीश यादव, प्रदीप यादव, विक्की शर्मा, डॉ. नरोत्तम सिंह, डॉ. अनीता यादव, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. विपिन यादव, डॉ. आनंद यादव, नीमराना के पूर्व सरपंच सतीश मुद्गल, पूर्व जिला पार्षद जनक सिंह यादव, अशोक तक्षक जाट बहरोड़ सहित विभिन्न गांवों के सरपंच, पूर्व सरपंच एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





