जयपुर।


राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड स्थानीय संघ झोटवाड़ा का वार्षिक अधिवेशन प्रिंस रेजिडेंशियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल गोविंदपुरा झोटवाड़ा में गरिमामय माहौल में आयोजित हुआ। अधिवेशन की अध्यक्षता प्रधान गिरधारी लाल शर्मा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व स्टेट कमिश्नर रघुवीर सिंह शेखावत मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शरद कुमार शर्मा, रितु शर्मा, जिला उप प्रधान राधेश्याम जाट, सीताराम शर्मा पूर्व सहायक जिला कमिश्नर शामिल हुए। अधिवेशन का शुभारंभ पारंपरिक रीति से किया गया, जिसके बाद उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्काउट-गाइड कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि रघुवीर सिंह शेखावत ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्काउट-गाइड संगठन बच्चों और युवाओं में अनुशासन, सहयोग और सेवा की भावना को विकसित करता है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में समाज को ऐसे अनुशासित युवाओं की आवश्यकता है, जो राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान दे सकें।
अध्यक्ष गिरधारी लाल भार्गव ने कहा कि स्काउट-गाइड आंदोलन समाज में सेवा का जीवंत उदाहरण है। संगठन से जुड़े प्रत्येक सदस्य को सदैव दूसरों की मदद करने और मानवता की भावना को जीवित रखने का संकल्प लेना चाहिए।
शरद कुमार शर्मा ने कहा कि स्काउटिंग बच्चों के सर्वांगीण विकास का माध्यम है। यह उन्हें पुस्तकीय ज्ञान के साथ जीवन जीने की कला भी सिखाती है।
रितु शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि आज की युवा पीढ़ी को नशे और गलत आदतों से बचाकर स्काउटिंग जैसी गतिविधियों से जोड़ना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।
जिला उप प्रधान राधेश्याम जाट ने कहा कि स्काउट-गाइड संगठन ग्रामीण और शहरी स्तर पर शिक्षा के साथ सेवा और संस्कारों को मजबूत करता है।
सीताराम शर्मा ने कहा कि समाज में सेवा और भाईचारे का संदेश फैलाने का सबसे सशक्त माध्यम स्काउट-गाइड संगठन ही है।
पूर्व सहायक जिला कमिश्नर ने अपने उद्बोधन में कहा कि समय-समय पर ऐसे अधिवेशन युवाओं को नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करते हैं, जिससे वे राष्ट्रहित में बेहतर कार्य कर पाते हैं।
कार्यक्रम का संयोजन दीपाराम जाट ने किया और अतिथि आभार प्रदर्शन भी किया। मंच संचालन कालूराम ने किया। इस अवसर पर सभी अतिथियों का स्वागत स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया और पूरे आयोजन को अनुशासित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में गत वर्ष का आय व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया।
Report -seetaram gupta (kotputli)





