नीमराना पुलिस की संवेदनशील पहल: वृद्धाश्रम में मनाई भावनात्मक दीपावली

मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना। दीपावली के अवसर पर नीमराना थाना पुलिस ने सेवा और संवेदना का एक अनोखा उदाहरण पेश किया, जिसने सभी के दिल जीत लिए। डीएसपी सचिन शर्मा और थाना प्रभारी राजेश मीणा के नेतृत्व में पुलिस जाप्ता स्थानीय वृद्धाश्रम पहुंचा और वहाँ रह रहे असहाय एवं अनाथ बुजुर्गों के साथ दीपावली की खुशियाँ साझा कीं।

पुलिसकर्मियों ने मिठाइयाँ खिलाकर, दीप जलाकर और बुजुर्गों से आत्मीय संवाद कर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। इस दौरान वृद्धाश्रम में भावनात्मक माहौल देखने को मिला। डीएसपी सचिन शर्मा ने कहा कि “पुलिस केवल कानून-व्यवस्था की रखवाली नहीं करती, बल्कि समाज की भावनाओं से भी जुड़ी है। असहाय लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही सच्ची दीपावली है।”

वृद्धाश्रम में निवास कर रहे बुजुर्गों ने पुलिस कर्मियों के इस स्नेह और अपनापन के लिए आभार जताया और ईश्वर से उनके सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। क्षेत्र में नीमराना पुलिस की इस मानवतापूर्ण और प्रेरणादायक पहल की हर ओर सराहना की जा रही है।

नीमराना पुलिस की इस पहल ने एकता और करुणा का संदेश दिया, जो दीपावली के पावन पर्व पर एक आदर्श उदाहरण है। इस पहल से न केवल वृद्धाश्रम के निवासियों को खुशी मिली, बल्कि पुलिस और समाज के बीच के रिश्तों को भी मजबूती मिली।