
कोटपूतली।
ग्राम फतेहपुरा कला में श्री जीण माता जी, हनुमान जी महाराज एवं शिव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ शनिवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। आयोजन की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सुबह 8:30 बजे की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कलश यात्रा में पारंपरिक वाद्ययंत्रों, महिलाओं की मंगल घोष एवं बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने धार्मिक माहौल को जीवंत बना दिया। यात्रा के दौरान ग्रामवासियों ने जगह-जगह जल, फल व पुष्प वर्षा से श्रद्धा प्रकट की।
शनिवार की शाम को हवन यज्ञ होगा, जिसके पश्चात रात्रि जागरण का आयोजन किया जाएगा। इसमें भजन-कीर्तन के साथ स्थानीय व बाहर से आए कलाकारों द्वारा धार्मिक प्रस्तुति दी जाएगी।
मुख्य प्राण-प्रतिष्ठा समारोह रविवार, 8 जून को सुबह 9:15 बजे से शुरू होगा जिसमें तीनों देवी-देवताओं की मूर्तियों की प्रतिष्ठा वैदिक विधियों से की जाएगी। दोपहर 12:15 बजे भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
आयोजन में क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों के साथ ग्रामीणों में भी भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। यह आयोजन उद्योगपति दीपचंद जांगिड़ व उनकी धर्मपत्नी विमला देवी* जांगिड़ द्वारा करवाया जा रहा है जिन्होंने इसे पारिवारिक आस्था और जनकल्याण के रूप में बताया।
कार्यक्रम में रविवार को मुख्य अतिथियों में जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह, कोटपूतली विधायक हंसराज पटेल, विराटनगर विधायक कुलदीप धनकड़, ब्राह्मण महासभा राजस्थान के प्रदेश उपाध्यक्ष पंडित सूर्यकांत शर्मा, भाजपा नेता मुकेश गोयल सहित जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों की उपस्थिति भी प्रस्तावित है। कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्थाएं दीपचंद जांगिड़ एवं उनके परिवार सहित ग्रामवासियों के सहयोग से की गई हैं। इस कार्यक्रम की संपूर्ण जानकारी उद्योगपति दीपचंद जांगिड़ ने आज कोटपूतली में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बताई।






