नीमराणा में मधु किन्नर हत्याकांड का शूटर गिरफ्तार: पवन गुर्जर पर 25 हजार का इनाम था घोषित

मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) नीमराणा पुलिस ने समाजसेवी मधु किन्नर हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुख्य शूटर पवन कुमार गुर्जर को हरियाणा के झज्जर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पवन गुर्जर पर ₹25,000 का इनाम घोषित था और वह 10 लाख रुपये की सुपारी लेकर मधु किन्नर की हत्या करने के बाद फरार हो गया था।

कोटपूतली-बहरोड़ एसपी देवेंद्र कुमार बिश्नोई के निर्देशन में एएसपी शालिनी राज और डीएसपी सचिन शर्मा की देखरेख में गठित विशेष पुलिस टीम ने यह गिरफ्तारी की। थानाधिकारी राजेश कुमार मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पवन गुर्जर के कब्जे से पिस्टल और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।

10 सितंबर 2025 को मधु किन्नर की हत्या उस समय हुई जब वे अपने चेलों के साथ रीको एरिया नीमराणा की कंपनियों से दीपावली की बधाईयां लेने गई थीं। एक नकाबपोश व्यक्ति बिना नंबर की बाइक पर आया और गोली चलाकर उनकी हत्या कर फरार हो गया था।

पुलिस ने पहले ही तीन आरोपियों – नरेश उर्फ सोनिया उर्फ जरिना, सीमा किन्नर और मोहम्मद जावेद उर्फ समीर – को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पवन गुर्जर की तलाश में पुलिस ने बावल, रेवाड़ी, झज्जर और गुड़गांव सहित कई स्थानों पर दबिश दी थी।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पवन गुर्जर पर एनडीपीएस एक्ट, हत्या और लूटपाट के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि हत्या की साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों का पर्दाफाश किया जा सके।