उत्कृष्ट कार्य करने वाले छह पुलिसकर्मी “कांस्टेबल ऑफ़ द मंथ” सम्मानित

जयपुर

जयपुर, 28 नवंबर। जयपुर पुलिस आयुक्तालय में शुक्रवार को आयोजित सम्मान समारोह में पुलिस आयुक्त श्री सचिन मित्तल ने उत्कृष्ट, सराहनीय, मेहनत और समर्पण से कार्य करने वाले छह पुलिसकर्मियों को “कांस्टेबल ऑफ़ द मंथ” अवार्ड से सम्मानित किया।

आयुक्त श्री मित्तल ने कहा कि जयपुर पुलिस का लक्ष्य “आमजन में विश्वास – अपराधियों में भय” को मजबूत बनाना है, और इसी दिशा में पुलिसकर्मियों को प्रेरित करने के लिए यह सम्मान प्रदान किया जाता है।

अक्टूबर 2025 के सम्मानित पुलिसकर्मी

जिला पूर्व – सियाराम (कानि., थाना जवाहर नगर)
गश्त के दौरान सड़क किनारे बेहोश मिले व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई। मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

जिला पश्चिम – श्रीमती सरिता (थाना सिन्धीकैम्प)
साइबर अपराध संबंधी प्रकरणों का सफल निस्तारण करते हुए 14 गुमशुदा मोबाइल ट्रेस कर पीड़ितों को लौटाए।

जिला उत्तर – महिपाल (कानि., थाना विद्याधर नगर)
अज्ञात मृतक की पहचान कर वारिसों की तलाश की, आरोपियों नवीन कुमार डंगोरिया और अजय स्वामी को गिरफ्तार करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा अन्य मामले में शाहिद कुरेशी उर्फ शानु को पकड़कर चोरी की 7 मोटरसाइकिलें बरामद करवाईं।

जिला दक्षिण – जगदीश (कानि., थाना चाकसू)
चाकसू थाना क्षेत्र के दो महत्वपूर्ण मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाई।

यातायात प्रशासन – मोहनलाल (कानि.)
इंटरसेप्टर पर तैनात रहकर तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाई।

आयुक्तालय – जितेन्द्र (कानि., चोरी एवं नकबजनी शाखा)
शहर में होने वाली चैन–पर्स स्नैचिंग, लूट, वाहन चोरी और संपत्ति अपराधों का QST रिकॉर्ड संधारण, ऑनलाइन पोर्टल पर प्रकरण दर्ज कराने तथा हॉटस्पॉट चिन्हित कर रोकथाम हेतु थानाधिकारियों को प्रभावी दिशा-निर्देश जारी किए।

समारोह में पुलिस आयुक्त ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रेरणादायक बताया।