छह पुलिसकर्मियों को मिला “कानिस्टेबल ऑफ द मंथ” सम्मान

जयपुर, 18 दिसम्बर।
जयपुर पुलिस आयुक्त श्री सचिन मित्तल ने पुलिस आयुक्तालय में आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले छह पुलिसकर्मियों को “कानिस्टेबल ऑफ द मंथ” अवार्ड से सम्मानित किया।

इस अवसर पर श्री मित्तल ने कहा कि जयपुर पुलिस का ध्येय आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय की भावना स्थापित करना है। ऐसे पुरस्कारों से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ता है और वे और अधिक निष्ठा व समर्पण से कार्य करने के लिए प्रेरित होते हैं।

नवंबर माह 2025 के लिए चयनित पुलिसकर्मियों में जिला पूर्व से कानि. श्रीमती उर्मिला यादव ने नकबजनी के मामले का पर्दाफाश कर लगभग 15 लाख रुपये का चोरी गया माल बरामद कराने में अहम भूमिका निभाई।
जिला पश्चिम से कानि. श्री गोपाल लाल ने कुएं में कूदी महिला की जान बचाकर मानवता का उत्कृष्ट परिचय दिया।
जिला उत्तर से कानि. श्री गिरधर ने इनामी व वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी कर बड़ी सफलता दिलाई।
जिला दक्षिण से कानि. श्री बाबूलाल ने थाना चाकसू के टॉप-10 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया।
यातायात पश्चिम जयपुर के कानि. श्री प्रेमदीप ने एक्सप्रेस हाईवे पर लेन सिस्टम में 1835 प्रभावी कार्यवाहियां कीं।
वहीं पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) कार्यालय के कानि. श्री सरदार ने प्रशासनिक कार्यों, परिवाद निस्तारण एवं ई-फाइलिंग प्रक्रिया को कुशलतापूर्वक संचालित कर सराहनीय कार्य किया।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई दी।