एसपी देवेंद्र कुमार विश्नोई का बानसूर दौरा: कानून-व्यवस्था को लेकर थानों का निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश


हरसौरा व बानसूर थानों में लंबित मामलों की समीक्षा, पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने और जनसुनवाई को प्रभावी बनाने पर दिया जोर


बानसूर/कोटपूतली

कोटपूतली-बहरोड़ जिले के पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार विश्नोई शुक्रवार को बानसूर दौरे पर रहे। इस अवसर पर उन्होंने हरसौरा एवं बानसूर पुलिस थानों का गहन निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया और मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बानसूर थाना परिसर पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने एसपी विश्नोई को गार्ड ऑफ ऑनर देकर स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थानों में लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की और अपराधों की रोकथाम व निस्तारण की दिशा में चल रही कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाया जाए, आमजन की शिकायतों का समयबद्ध समाधान हो तथा पुलिस की कार्यप्रणाली पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित की जाए।

एसपी विश्नोई ने थाना परिसर की स्वच्छता, अभिलेखों के रखरखाव, स्टाफ की उपस्थिति और अनुशासन की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि ‘पुलिस आपके द्वार’ जैसी जनसुनवाई योजनाओं को सक्रिय रूप से लागू कर आमजन की समस्याओं को मौके पर ही सुना और सुलझाया जाए। उन्होंने चेताया कि कानून-व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक के पहले दौरे पर बानसूर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला उपाध्यक्ष सज्जन मिश्रा के नेतृत्व में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दौरे के दौरान पुलिस अधिकारियों के साथ साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

REPORT-SEETARAM GUPTA/SURESH SAINI

KOTPUTLI/BANSUR