एसपी देवेंद्र विश्नोई ने क्राइम मीटिंग में दिए सख्त निर्देश, अनुसंधान में लाएं गुणवत्ता और तेजी

नवीन आपराधिक विधियों पर विशेष जोर, कोटपूतली वृत के अनुसंधान अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक

कोटपूतली-बहरोड।

जिले के पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार विश्नोई (IPS) ने शनिवार को वृत कोटपूतली के अनुसंधान अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण क्राइम मीटिंग ली। यह बैठक समकालीन अपराध प्रवृत्तियों, नवीन आपराधिक विधियों के क्रियान्वयन तथा लंबित प्रकरणों की प्रभावी समीक्षा के उद्देश्य से आयोजित की गई थी।

बैठक के दौरान एसपी विश्नोई ने अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार, तकनीकी साधनों के उपयोग, सीसीटीवी विश्लेषण, साइबर साक्ष्य के समुचित संकलन, एवं आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी जैसे विषयों पर अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधों की रोकथाम के लिए सिर्फ त्वरित कार्रवाई नहीं, बल्कि मजबूत अनुसंधान और वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन जरूरी है।

उन्होंने विशेष रूप से लंबित मामलों की प्रगति पर असंतोष जताते हुए कहा कि अपराधियों को सजा दिलवाने के लिए जांच को समयबद्ध व सुसंगठित बनाना आवश्यक है। सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि वे गंभीर अपराधों में स्वयं निगरानी रखें और तकनीकी विशेषज्ञता का बेहतर उपयोग करें।

इस अवसर पर कोटपूतली वृत के सभी थाना प्रभारियों, विवेचना अधिकारियों एवं संबंधित पुलिस कर्मियों ने बैठक में भाग लिया। एसपी विश्नोई ने अधिकारियों से सीधे संवाद कर क्षेत्रीय अपराध स्थितियों की जानकारी ली और हर केस में निष्पक्ष, प्रमाणिक व संवेदनशील जांच की अपेक्षा जताई।

बैठक में अधिकारियों को यह भी बताया गया कि पुलिस की छवि जनता में भरोसेमंद और सशक्त बने, इसके लिए पारदर्शिता, अनुशासन और संवेदनशीलता को अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने हेतु निरंतर फील्ड विजिट, रात्रि गश्त और आसूचना संकलन की प्रक्रिया को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र में बढ़ती संवेदनशीलता को देखते हुए यह मीटिंग रणनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस अधीक्षक के इस सख्त रुख से आने वाले समय में अनुसंधान की गुणवत्ता और अपराध नियंत्रण में निश्चित रूप से प्रभावी बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।

REPORT-SEETARAM GUPTA

Kotputli