जयपुर, 29 दिसंबर।
राज्य सैनिक कल्याण विभाग, राजस्थान के तत्वावधान में जयपुर के बनीपार्क स्थित सैनिक विश्राम गृह में स्पर्श फीडबैक एवं पेंशन समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक कार्यालय के अंतर्गत श्री ई. मोनबेमो पैटन, अतिरिक्त उप नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक एवं महानिदेशक रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व सैनिक पेंशनरों से सीधे संवाद कर स्पर्श पोर्टल से जुड़ी समस्याओं, सुझावों एवं पेंशन संबंधी शिकायतों का फीडबैक प्राप्त करना रहा। इस दौरान पेंशन से संबंधित अभ्यावेदनों का अवलोकन कर उनके समाधान पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्रिगेडियर वीरेंद्र सिंह राठौड़, निदेशक, राजस्थान राज्य सैनिक कल्याण विभाग ने की। आयोजन में 35 से अधिक गौरव सेनानी, स्पर्श पोर्टल से जुड़े राज्य स्तरीय कर्मचारी, जयपुर, अजमेर व झुंझुनूं के जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, पंजाब नेशनल बैंक से कर्नल सुधांशु शर्मा सहित अन्य संबंधित स्टेकहोल्डर्स उपस्थित रहे।
पूर्व सैनिकों ने स्पर्श फीडबैक फॉर्म भरकर एवं आमने-सामने संवाद के माध्यम से स्पर्श पोर्टल से जुड़े अपने अनुभव, समस्याएं एवं सुझाव साझा किए, जिन पर अधिकारियों द्वारा गंभीरता से विचार किया गया।





