नए साल से बिना हेलमेट वालों पर सख्ती: एसपी देवेन्द्र बिश्नोई का सख्त संदेश

मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराणा, राजस्थान सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत एमडीवीएम पारले स्कूल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में कोटपुतली-बहरोड़ एसपी देवेन्द्र बिश्नोई ने कहा कि 1 जनवरी से जिले में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों, खासकर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से पेश आएगी।

एसपी देवेन्द्र बिश्नोई ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि जीवन सुरक्षा का सवाल है। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट जैसे नियमों का पालन न करने से हादसों में जान का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।

इस दौरान सभी उपस्थित लोगों को ट्रैफिक नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई। महिला सुरक्षा और साइबर अपराध पर भी दिया संदेश अपने संबोधन में एसपी ने महिला सुरक्षा को लेकर कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है।

एसपी ने कहा कि 1 जनवरी से कोटपुतली-बहरोड़ जिले में बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया जाएगा। बिना हेलमेट पाए जाने पर चालान की कार्रवाई की जाएगी और किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

इस अवसर पर नीमराना एडिशनल एसपी सुरेश कुमार खींची, डीएसपी चारुल गुप्ता, नीमराना थाना पुलिस राजेश कुमार मीणा, जापानी जोन औद्योगिक चौकी इंचार्ज मनोहर लाल मीणा, हैड कांटेबल जगदेव यादव, नीमराना पूर्व सरपंच सतीश मुद्गल, कांग्रेस नेता अशोक मुद्गल सहित काफी संख्या में गणमान्य लोग और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान स्कूल प्रिंसिपल नीति धामी ने कार्यक्रम में पहुंचे लोगों को पर्यावरण संरक्षण के संदेश को लेते हुए पौधा भेंटकर, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन सुनील शर्मा के द्वारा किया गया।