MARUDHARHIND NEWS

नीमराना में संपूर्णता अभियान 2.0 का उपखंड स्तरीय आयोजन, जागरूकता रैली व शपथ के साथ ‘स्वस्थ, समर्थ ब्लॉक’ का संकल्प

मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराना – 30 जनवरी 2026, शुक्रवार को नीति आयोग के आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत संपूर्णता अभियान 2.0 का उपखंड स्तरीय कार्यक्रम गांधी पार्क (रामलीला मैदान) नीमराना में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत उपखंड कार्यालय नीमराना से मुख्य बाजार होते हुए कार्यक्रम स्थल तक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों व आमजन ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। तहसीलदार नीमराना डॉ. विक्रम सिंह ने आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत करते हुए इसके उद्देश्यों एवं महत्व पर प्रकाश डाला। शिक्षा विभाग की छात्राओं ने स्वागत गीत एवं नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को जागरूक किया, वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यकर्ताओं ने पोषण गीत के माध्यम से संदेश दिया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को नीमराना ब्लॉक में संपूर्णता अभियान के सभी इंडिकेटरों को संतृप्त करने तथा ब्लॉक को स्वस्थ, समर्थ एवं प्रेरणादायक बनाने की दिशा में कार्य करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम स्थल पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। राजीविका विभाग की महिलाओं ने जूट बैग एवं शहद के स्टॉल लगाकर स्वावलंबन का संदेश दिया।

कार्यक्रम में पंचायत समिति नीमराना की प्रधान संतोष यादव, पूर्व प्रधान बलवान सिंह यादव, विकास अधिकारी नरेंद्र शर्मा, सहायक विकास अधिकारी ओमप्रकाश निर्मल, मांढण तहसीलदार अर्जुन लाल सालोदिया, ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी कुसुम गोयल, एबीपी फेलो अमन खंडेलवाल, जिला आयोजना अधिकारी मेघा भट्ट, बाल विकास परियोजना अधिकारी सुधीर कुमार, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कमलेश यादव, मुख्य ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतपाल यादव सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साह और जागरूकता के वातावरण में संपन्न हुआ।