शांति, सौहार्द और सुरक्षा के साथ मनाएं दीपावली
पुलिस की सतर्क निगरानी, नागरिकों से सहयोग की अपील
कोटपूतली-बहरोड़, 14 अक्टूबर।


दीपावली पर्व को लेकर कोटपूतली-बहरोड़ जिला पुलिस प्रशासन ने विशेष सुरक्षा व्यवस्था के साथ शांति एवं सौहार्द का संदेश दिया है। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र बिश्नोई ने जिलेवासियों, व्यापारियों एवं युवाओं से अपील की है कि वे दीपावली का यह पावन पर्व संयम, आपसी सद्भाव और कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए मनाएं।
बिश्नोई ने कहा कि दीपावली प्रकाश और खुशियों का पर्व है, इसलिए सभी लोग इसे शांति, स्वच्छता और सुरक्षित वातावरण में मनाएं। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि आतिशबाजी करते समय सावधानी बरतें, बच्चों पर विशेष ध्यान रखें और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में दीपावली पर्व के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा प्रमुख बाजारों, पूजा स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष गश्त दल और नाकाबंदी पॉइंट स्थापित किए गए हैं।
बिश्नोई ने व्यापारियों से भी अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों के बाहर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करें, दुकानों के आगे किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या भीड़ न होने दें और नकदी की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि पुलिस नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर समय तत्पर है, लेकिन जन सहयोग के बिना शांति व्यवस्था को मजबूत नहीं किया जा सकता।
नागरिकों से अपील की
दीपों का यह पर्व आपसी प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश देता है। सभी लोग आपसी सद्भाव के साथ दीपावली मनाएं, मिलावटखोरी और पटाखों की अवैध बिक्री जैसी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। हमारी सुरक्षा, हमारी जिम्मेदारी है।”
बिश्नोई ने यह भी कहा कि पुलिस विभाग द्वारा दीपावली के दौरान ‘सुरक्षित त्यौहार – हमारी जिम्मेदारी’ अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत नागरिकों को सुरक्षा, ट्रैफिक नियमों और सतर्कता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।





