मुंडनवाड़ा में फॉर्च्यूनर गाड़ी पर फायरिंग, मोबाइल लूटकर फरार हुए बदमाश

मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराना उपखंड क्षेत्र के मुंडनवाड़ा जाट-बहरोड़ रोड पर गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात हुई। अज्ञात बदमाशों ने एक फॉर्च्यूनर गाड़ी पर फायरिंग कर दी, जिससे उसके शीशे टूट गए। इसके बाद चालक से मोबाइल फोन लूटकर आरोपी मौके से फरार हो गए। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि भिवानी निवासी रोहित चौधरी को हल्की चोट आई है।

सूचना मिलते ही मुंडावर थाना प्रभारी रामनिवास मीणा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गाड़ी में दो युवक स्थानीय और एक युवक हरियाणा के भिवानी का निवासी था। घायल युवक जयपुर में कैफे संचालित करता है और बुधवार को अपने दोस्त को शादी का निमंत्रण देने भिवानी गया था। गुरुवार सुबह जब वे गांव की ओर लौट रहे थे, तभी नदी के पास तिबारे में छिपे बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया।

थाना प्रभारी रामनिवास मीणा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला लूटपाट का प्रतीत हो रहा है। वहीं फॉर्च्यूनर सवार युवकों द्वारा भी फायरिंग की बात सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है।

वारदात के बाद एक चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि बदमाश मोबाइल लूटकर ले गए, लेकिन कुछ दूरी पर एक दुकान पर वही मोबाइल रखकर चले गए। आशंका जताई जा रही है कि मोबाइल की लोकेशन ट्रेस होने से बचने के लिए ऐसा किया गया।

मुंडनवाड़ा गांव के सरपंच दलीप यादव ने बताया कि सुबह फायरिंग की आवाज सुनते ही ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए। अचानक हुई इस घटना से गांव में भय का माहौल है। सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।