मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना जापानी जोन औद्योगिक क्षेत्र में एल्डिको ईडेन पार्क और अनंतराज सोसाइटी के पास रीको (RIICO) की ओर से बनाए जा रहे नाले की दीवार निर्माण में घटिया सामग्री उपयोग किए जाने के गंभीर आरोप स्थानीय निवासियों ने लगाए हैं। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा टूटी-फूटी ईंटें और कमजोर निर्माण सामग्री लगाई जा रही है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय निवासी सुनील यादव, लोकेश और अनिल ने बताया कि यह नाला कई वर्ष पहले औद्योगिक क्षेत्र का गंदा पानी साबी नदी में प्रवाहित करने के उद्देश्य से बनाया गया था, लेकिन बजट की कमी और भूमि मुआवजा विवादों के चलते इसका कार्य अधूरा रह गया था। हाल ही में रीको द्वारा सोसायटियों के सामने पुराने नाले को भरकर उसमें पाइप डाले जा रहे हैं और दीवारों की मरम्मत के नाम पर घटिया ईंटों से चुनाई की जा रही है।

जब स्थानीय लोग और मीडियाकर्मी मौके पर पहुंचे और निर्माण में घटिया सामग्री को लेकर सवाल पूछे, तो ठेकेदार सोनू भारद्वाज मौके पर आ पहुंचे और मीडिया प्रतिनिधियों से बदतमीजी करते हुए कवरेज करने से रोकने की कोशिश की। मामले की शिकायत पर जब रीको के सीनियर महाप्रबंधक राहुल भट्ट से संपर्क किया गया तो उन्होंने भी ठेकेदार के पक्ष में बोलते हुए मीडिया कवरेज से परहेज़ करने की सलाह दी, जिससे अधिकारियों और ठेकेदार की मिलीभगत की आशंका और गहरी हो गई है।

सूत्रों के अनुसार नाले की दीवार में टूटी हुई ईंटें और टूटे हुए पत्थरों का मलबा का मिश्रण का उपयोग किया जा रहा है। ऊपर से प्लास्टर कर निर्माण की खामियों को छिपाने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि इस निर्माण कार्य की जांच कराई जाए और दोषी ठेकेदार व अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।

क्षेत्रवासियों ने रीको प्रशासन और जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि इस पूरे मामले की तकनीकी जांच कराई जाए, ताकि औद्योगिक क्षेत्र के आसपास की सुरक्षा और पर्यावरण व्यवस्था पर कोई खतरा न बने। स्थानीय निवासियों में इस निर्माण कार्य को लेकर भारी आक्रोश है और वे दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।





