हवाई फायरिंग में इस्तेमाल हथियार और बोलेरो बरामद: नीमराना पुलिस ने 24 घंटे में तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

मरुधर हिंदन्यूज (रमेशचंद) नीमराना थाना क्षेत्र के गांव रोडवाल में नववर्ष की शाम हुई दहशत फैलाने वाली हवाई फायरिंग का पुलिस ने मात्र 24 घंटे में सफलता पूर्वक खुलासा कर दिया। कोटपूतली-बहरोड पुलिस टीम ने हरियाणा के कुख्यात अपराधी सोनू उर्फ बाबा सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में फायरिंग में प्रयुक्त हथियार, खाली कारतूस और घटना में इस्तेमाल बोलेरो वाहन बरामद किया गया।

पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार विश्नोई (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीमराना सुरेश खींची और वृत्ताधिकारी नीमराना चारुल गुप्ता (आरपीएस) के सुपरविजन में थानाधिकारी नीमराना राजेश कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को दबोचा।

जानकारी अनुसार, विकास यादव निवासी रोडवाल ने रिपोर्ट दी थी कि 1 जनवरी की शाम गांव निवासी अंकित उर्फ शूटर अपने साथी सोनू उर्फ बाबा के साथ बोलेरो गाड़ी में तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। ग्रामीणों द्वारा रोकने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और शिव मंदिर तथा रतन सेठ की दुकान के पास हवाई फायरिंग कर गांव में दहशत फैलाई।

गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा के देवास निवासी सोनू उर्फ बाबा (30), रोडवाल निवासी अंकित (24) उर्फ शूटर और मनोज (27) उर्फ लहरी शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से फायरिंग में प्रयुक्त दो हथियार, खाली कारतूस और बोलेरो गाड़ी जब्त की। सोनू उर्फ बाबा हरियाणा और राजस्थान के कई थानों में दर्ज संगीन मामलों में वांछित रहा है, जिनमें हत्या, अपहरण, लूट और आर्म्स एक्ट के तहत कुल 14 मामले शामिल हैं। नीमराना थाने में उसके खिलाफ 6 मामले दर्ज हैं, वहीं अंकित पर दो मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी कीमत पर दहशत फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।