घीलोठ औद्योगिक एरिया में श्रमिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराना उपखंड के शाहजहांपुर – घीलोठ औद्योगिक एरिया स्थित ट्रांस ऐसी कंपनी परिसर में गुरुवार को सड़क सुरक्षा के अंतर्गत यातायात नियमों की जानकारी देने के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नीमराना एएसपी सुरेश खींची के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कंपनी श्रमिकों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में बताया गया।

एएसपी सुरेश खींची ने सड़क पर सफर करते समय उचित लाइन की पालना करने, कार में सीट बेल्ट लगाने, दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग करने सहित यातायात नियमों की पालना करने की हिदायत दी। डीएसपी चारुल गुप्ता ने सड़क हादसों से बचने व दूसरों को बचाने के लिए शराब का सेवन कर वाहन नहीं चलाने, निर्धारित रफ्तार से अधिक वाहन नहीं दौड़ाने सहित यातायात नियमों की पालना करने की आवश्यकता बताई।

शाहजहांपुर थानाधिकारी प्रक्रिता चौधरी ने औद्योगिक एरिया की सड़कों पर यातायात के निर्धारित नियमों की पालना करने व उल्लंघन करने वालों की सूचना पुलिस को करने सहित विभिन्न बिंदुओं पर कंपनी श्रमिकों व प्रबंधन के साथ चर्चा की। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों को लेकर पंपलेट भी वितरित किए गए।

इस अवसर पर डायरेक्टर राकेश कुमार, एचआर हैड प्रमोद नेहरा, मनीष गोसैन, नरेन्द्र सिंह, एएसआई अमित शर्मा, विजय यादव, रामसिंह गुर्जर, प्रवीण, देवेंद्र यादव सहित अन्य उपस्थित थे।