ई-वेस्ट प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण पर कार्यशाला आयोजित

मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना। पंजाब नेशनल बैंक कृषक प्रशिक्षण केंद्र नीमराना में 16 अक्टूबर 2025 को राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल, कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्रीय कार्यालय के तत्वावधान में “ई-वेस्ट प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में ई-वेस्ट के बढ़ते दुष्प्रभावों, पर्यावरणीय नुकसान एवं इसके वैज्ञानिक प्रबंधन के उपायों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

विशेषज्ञों ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक कचरे का गलत तरीके से निपटान न केवल पर्यावरण के लिए बल्कि मानव स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा है। उन्होंने प्रतिभागियों से अपील की कि ई-वेस्ट को अधिकृत रीसाइक्लिंग केंद्रों तक ही भेजें ताकि पुनः उपयोग योग्य संसाधनों का संरक्षण हो सके। राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी राजकुमार सेहरा, वैज्ञानिक अधिकारी चेतन कुमार आर्य, तथा कनिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी अंकित बैरवा ने उपस्थित प्रतिभागियों को ई-वेस्ट के वर्गीकरण, सुरक्षित संग्रहण और पुनर्चक्रण की प्रक्रियाओं की जानकारी दी।

पीएनबी कृषक प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक रंजीत यादव तथा कृषि विशेषज्ञ हरिकृष्ण प्रभात ने कार्यशाला के आयोजन को समय की आवश्यकता बताया और कहा कि किसानों एवं ग्रामीण युवाओं को भी तकनीकी कचरे के प्रबंधन के प्रति जागरूक होना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छ पर्यावरण एवं जिम्मेदार ई-वेस्ट निपटान का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के काफी संख्या में किसान, प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यशाला ने न केवल ई-वेस्ट प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।