मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराना। खेरथल–तिजारा जिले के जाट बहरोड़ गांव निवासी विपिन चौधरी (24) का अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में हार्ट अटैक से निधन हो गया। विपिन वहां एक शॉपिंग मॉल में बिलिंग का काम करता था। 29 दिसंबर की रात उसने परिवार से वीडियो कॉल पर बातचीत की थी और खुद को पूरी तरह स्वस्थ बताया था, लेकिन अगली सुबह 30 दिसंबर को जब वह नहीं उठा तो साथ रहने वाले दोस्तों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद विपिन का शव शुक्रवार को जॉर्जिया से भारत के लिए रवाना किया गया। शुक्रवार रात शव दिल्ली पहुंचा, जहां से एंबुलेंस के जरिए उसे उसके पैतृक गांव जाट बहरोड़ लाया गया। शनिवार को गांव में गमगीन माहौल के बीच विपिन का अंतिम संस्कार किया गया।

विपिन जून 2024 में नौकरी की तलाश में अमेरिका गया था। विदेश जाने के लिए उसने अपनी करीब डेढ़ बीघा पुश्तैनी जमीन बेच दी थी और 30 से 40 लाख रुपये तक खर्च किए थे। उसकी योजना थी कि दो-तीन साल कड़ी मेहनत कर अच्छी कमाई करके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करेगा, लेकिन इससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।

परिजनों के अनुसार, शव को अमेरिका से भारत लाने में करीब साढ़े सात लाख रुपये का खर्च आया, जिसे भारत सरकार के इंडियन कम्युनिटी वेलफेयर फंड की मदद से वहन किया गया। इस पूरी प्रक्रिया में राजस्थान एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (RANA) न्यूयॉर्क के अध्यक्ष प्रेम भंडारी की अहम भूमिका रही, जिनके सहयोग से शव को भारत लाना संभव हो सका।

विपिन की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। पिता हवा सिंह चौधरी, माता नीलम देवी, बहनें अर्चना व निशा और दादी ब्रजो देवी गहरे सदमे में हैं।






